मेमने का मनाया जन्मदिन, केक काटा व मोहल्ले को दी दावत, डीजे की धुन पर थिरके लोग

बांदा,। सैकड़ों लोगों की भीड़, डीजे पर बजता गाना और केक के सामने खड़े बकरी के दो मेमने। दरअसल, यह नजारा उत्तर प्रदेश के बांदा का है। यहां बकरी के दो मेमने (बच्चे) के जन्मदिन के मौके पर बकायदा केक काटा गया और डीजे पर जमकर डांस हुआ। इसमें पूरे मोहल्ले के लोग भी सम्मिलित हुए। इस अनोखे जन्मदिन के जश्न की चर्चा पूरे जनपद में रही। मामला शहर के कांशीराम कॉलोनी का है। कॉलोनी के राजा बकरी पाले हैं। उसने दो मेमने को जन्म दिया था। राजा ने मेमनों का जन्मदिन अनोखे अंदाज से मनाने की ठानी। मंगलवार रात धूमधाम से जन्मदिन मनाया। पूरे मोहल्ले को जन्मदिन की पार्टी में आमंत्रित किया। केक कटवाया और खूब बंटवाया। इस दौरान हैप्पी बर्थडे के स्वर गूंजते रहे। इसके बाद सभी को दावत दी। मेमनों का मनाया गया यह अनोखा जन्मदिन चर्चा का विषय बना रहा। पेशे से ई-रिक्शा चालक राजा ने बताया कि उसके कोई संतान नहीं है। पिछले वर्ष जन्मे बकरी के बच्चों को उसने संतान की तरह माना है, तभी जन्मदिन मनाया। राजा इन्हें बच्चों की तरह पालता है। खाली समय पर दोनों मेमनों को ई-रिक्शा में घुमाने भी ले जाता है।

Leave a Comment