चैत्र नवरात्र कल से शुरू,,आचार्य सर्वेश दीक्षित ने बताई पूजा करने की विधि,,,

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । सनातन संस्कृति में विशेष स्थान रखने वाला चैत्र नवरात्र का पर्व और हिंदू नववर्ष रविवार से प्रारंभ हो रहा है। यह पर्व देवी दुर्गा की उपासना और नवसंवत्सर के स्वागत का समय होता है।
पंडित सर्वेश कुमार दीक्षित ने बताया कि चैत्र नवरात्र में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा की जाती है। इस दौरान भक्त व्रत रखते हैं, दुर्गा सप्तशती का पाठ करते हैं और मां भगवती की आराधना में लीन रहते हैं। ऐसा करने से जीवन में चल रही समस्याओं से मुक्ति मिलती है और मां की कृपा प्राप्त होती है। बताया कि नवरात्र में सात्विक आहार ग्रहण करना चाहिए और मांस-मदिरा जैसी तामसिक चीजों से पूरी तरह दूर रहना चाहिए। साथ ही, इस दौरान ब्रह्मचर्य का पालन करना, सूर्याेदय से पहले उठकर स्नान करना और देवी की पूजा करना शुभ फलदायक माना जाता है। नवरात्र के दौरान भक्तों को घरों में कलश स्थापना करनी चाहिए और अखंड ज्योति जलानी चाहिए। इस दौरान मां दुर्गा की आराधना करते हुए भजन-कीर्तन करना और मंदिरों में जाकर देवी दर्शन करना अत्यंत शुभ माना जाता है। विशेष रूप से अष्टमी और नवमी तिथि पर कन्या पूजन करने का महत्व बताया गया है। इस दिन कन्याओं को भोजन कराकर उन्हें देवी रूप मानकर पूजना चाहिए। नगर के छोटी माता मंदिर, बड़ी माता मंदिर समेत अन्य देवी मंदिरों में चैत्र नवरात्र के पूर्व साफ-सफाई का कार्य पूरा कर लिया गया है। मंदिरों को विशेष रूप से सजाया जा रहा है और भक्तों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। वहीं, 30 मार्च को नवसंवत्सर भी प्रारंभ हो रहा है, जिसे हिंदू नववर्ष भी कहा जाता है। यह भगवान ब्रह्मा द्वारा सृष्टि की रचना का प्रथम दिन माना जाता है। इसीलिए इस दिन को अत्यंत शुभ माना जाता है। उधर, पर्व को लेकर नगर के भक्तों में भी उत्साह है। नगर में कई स्थानों पर भजन-कीर्तन और देवी जागरण का आयोजन किया जाएगा। वहीं, मंदिरों में विशेष अनुष्ठान और हवन की तैयारियां भी जोरों पर हैं।

Leave a Comment