जालौन में कॉलेज की छात्रा बनी एक दिन की कोतवाल,, सुनी फरियादियों की फरियाद

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । यूपी में चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के छठवें चरण के तहत शुक्रवार को जालौन कोतवाली में महिला सशक्तीकरण की अनूठी मिसाल देखने को मिली। आनंदी बाई हर्षे सरस्वती बालिका इंटर कॉलेज की कक्षा 12 की छात्रा यशवी मिश्रा को एक दिन के लिए कोतवाली प्रभारी बनाया गया और खाकी की कमान सौंपी गई।
कोतवाली प्रभारी हरिशंकर चंद्र की मौजूदगी में इंटरमीडिएट की छात्रा यशवी ने कोतवाली प्रभारी के रूप में कार्यभार संभाला। उन्होंने फरियादियों की समस्याएं सुनीं, पुलिस की कार्यप्रणाली, कानून-व्यवस्था, महिला हेल्प डेस्क और शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया को बारीकी से समझा।मिशन शक्ति अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं व बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक करना है। इस पहल के माध्यम से बालिकाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया। एक दिन की कोतवाल बनीं यशवी ने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी को करीब से देखना उनके लिए गौरव और प्रेरणा का क्षण है और यह अनुभव उन्हें भविष्य में आगे बढ़ने की प्रेरणा देगा। इस मौके पर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि पुनीत मित्तल, महिला चौकी प्रभारी मधु सिहं, महिला उपनिरीक्षक तन्नो देवी, अशोक कुमार, सत्य सिहं, शफीक अहमद आदि मौजूद रहे।