रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन में विकास खंड क्षेत्र के सिहारी दाऊदपुर गांव में आयोजित हो रहे चार दिवसीय पारंपरिक मेले के अंतिम दिन श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। दूर-दराज़ से आए ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने गौड़ बाबा मंदिर पहुंचकर पूजन-अर्चन कर और प्रसाद चढ़ाकर मनोकामना पूर्ति की प्रार्थना की।
गौरतलब है कि यह मेला बैशाख माह की चौथ से आयोजित किया जाता है और यह परंपरा कई वर्षों से चली आ रही है। गौड़ बाबा मंदिर पर मेले का शुभारंभ पूजा-पाठ और भंडारे के साथ हुआ था। परंपरागत रूप से इस दिन भजन कीर्तन और और विशाल भंडारे का आयोजन किया जाता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेते हैं। ग्रामीण कौशल किशोर, अनिल, रोहित आदि ने बताया कि यह आयोजन श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक समरसता के भाव से किया जाता है। मेले के दौरान ग्रामीणों ने न केवल गौड़ बाबा के दरबार में पूजा-अर्चना की, बल्कि पारंपरिक गीतों और धार्मिक कार्यक्रमों में भी सहभागिता निभाई। मेले में बच्चों ने झूले, चाट, आइसक्रीम और अन्य मनोरंजन साधनों का जमकर आनंद लिया। वहीं महिलाओं ने घरेलू उपयोग की वस्तुएं, जैसे बर्तन, खिलौने, श्रृंगार सामग्री, कपड़े आदि की ख़ूब खरीदारी की। मेला परिसर में लगे दुकानों की कतारें और सजी-धजी दुकानें ग्रामीणों के आकर्षण का केंद्र रहीं। ग्रामीणों का मानना है कि इस प्रकार के आयोजन से लोक आस्था और सांस्कृतिक परंपराएं भी जीवंत होती हैं। प्राचीन लोक परंपराओं को संजीवनी मिलती है और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का अवसर मिलता है।





