
Lucknow news today । उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पुलिस हिरासत में मौत की आगोश में समाए मोहित पांडे की घटना से योगी सरकार पर विपक्षी दल लगातार प्रहार कर रहे हैं। इसी कड़ी में आज बसपा सुप्रीमो ने इस घटना को लेकर योगी सरकार की निंदा की है। सोशल मीडिया साइट्स X पर पोस्ट करते हुए बसपा सुप्रीमो ने कहा कि सरकार पीड़ित परिवार को न्याय देने के लिए आवश्यक कदम उठाए। हालांकि चिनहट में हुई इस घटना को लेकर परिजनों के हंगामे के बाद कल ही इंस्पेक्टर समेत अन्य पुलिसकर्मियों पर गम्भीर धाराओं में मामला दर्ज हो गया था और आज आरोपी इंस्पेक्टर को सस्पेंड करते हुए वहां पर नए दरोगा की नियुक्ति कर दी गई है।
बसपा सुप्रीमो ने X पर कही यह बात

लखनऊ के चिनहट में हुई पुलिस हिरासत में व्यापारी मोहित पांडेय की मौत के मामले में बसपा सुप्रीमो मायावती ने सोशल साइट्स X पर कहा कि यूपी की राजधानी लखनऊ में पुलिस हिरासत में व्यापारी मोहित पांडे की कथित तौर पर हुई मौत की घटना पर परिवार एव लोगों में रोष व आक्रोश व्याप्त होना स्वाभाविक है। यह घटना अति निंदनीय। सरकार पीड़ित परिवार को न्याय देने के लिए प्रभावी कदम अवश्य उठाये। दूसरे पोस्ट में बसपा सुप्रीमो ने कहा कि इसके अलावा यहां प्रदेश में महिलाओं पर पर भी आये दिन हो रही जुल्म ज्यादती की घटनाएं अति चिंतनीय है सरकार ऐसे अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही करे जो जरूरी है।




