संदिग्ध परिस्थितियों में जिम संचालक का मिला शव,,जांच में जुटी पुलिस

Dead body of gym operator found under suspicious circumstances, police engaged in investigation

(रिपोर्ट – संजय सिंह)

Lucknow news today । उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सरोजनीनगर में बुधवार शाम एक जिम संचालक का शव उसके जिम के अंदर स्विमिंग पूल के लिए बने बोरिंग के गहरे गड्ढे में संदिग्ध हालात में पड़ा मिला। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

यह है मामला

सरोजनीनगर के नवीन गौरी निवासी महेश प्रताप सिंह (48) का घर से कुछ दूर सरोजनीनगर पोस्ट ऑफिस के पास पावर जोन नाम से जिम है। जिम के अंदर ही स्विमिंग पूल भी संचालित होता है। महेश की पत्नी तृप्ति सिंह जिम की प्रबंधक हैं। बताते हैं कि महेश प्रताप बुधवार दोपहर घर से जिम गए थे। शाम करीब 5 बजे रोज की तरह तृप्ति सिंह जिम पहुंची तो महेश उन्हें नजर नहीं आए। इस पर तृप्ति उन्हें तलाशते स्विमिंग पूल के पास पहुंची तो स्विमिंग पूल का पानी फिल्टर करने के लिए बगल में मौजूद चेंबर युक्त करीब 15 फीट गहरे गड्ढे के ऊपर लगा जल खुला होने के साथ ही उसमें सीढ़ी लगी मिली। जब उन्होंने चेंबर युक्त गड्ढे के में नीचे झांक कर देखा तो महेश प्रताप उसके अंदर करीब तीन फुट भरे पानी में औंधे मुंह पड़े मिले। तृप्ति ने आनन फानन आसपास के लोगों को बुलाकर किसी तरह महेश को बाहर निकलवाया। बाद में सरोजनीनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां पहुंचते ही चिकित्सकों ने महेश प्रताप को मृत घोषित कर दिया। उधर सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

प्रभारी निरीक्षक ने कही यह बात

इस सम्बंध में सरोजनीनगर इंस्पेक्टर शैलेंद्र गिरी का कहना है कि शुरुआती जांच में पता चला है कि महेश प्रताप चेंबर में उतरकर सफाई करने गए थे। तभी विद्युत करंट की चपेट में आकर उनकी मौत हो गई। इंस्पेक्टर के मुताबिक मामले की जानकारी करने के लिए जिम के अंदर लगे सीसी टीवी कैमरे चेक किए गये तो महेश अकेले ही अन्दर जाते नजर आए। फिलहाल अन्य बिन्दुओं पर भी जांच पड़ताल की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण पता चल सकेगा।

Leave a Comment