जालौन में जमीन के नजदीक झूलती फाइबर केबिल बनी राहगीरों के लिए परेशानी का सबब,,की ये मांग

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन जमीन के नजदीक झूलती फाइबर केबिल आने जाने वालों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई हैं। एक सप्ताह गुजरने के बाद भी केबिल सही न होने से लोगों में रोष है।
नगर के मुख्य बाजार सब्जी से शराब के ठेका वाली गली चुर्खी रोड को जोड़ती है। इस गली से ग्राम गूढ़ा, उरगांव सिहारी पडैया, कुसमरा, कुठौंदा बुजुर्ग व खुर्द, दहगुवां, गढ़गवां, हरदोई राजा समेत एक दर्जन से ज्यादा गांव के लोग बाजार आते जाते हैं। सुबह से लेकर देर रात तक इस गली से लोगों का आना जाना लगा रहता है। लोग बाजार करने के लिए बाइक, कार और पिकअप आदि से बाजार आते हैं। ऐसे में सभासद नीलम गुप्ता के घर के पास मोहल्ला काशीनाथ, चौधरयाना, जोशियाना व फर्दनवीस को जोड़ने वाले चौराहे के पास बिजली के लोहे के पोल से ही प्राइवेट नेटवर्क प्रदान करने वाली कंपनी की केबिल जमीन के नजदीक ही लटक रही है। जमीन से पांच फीट से भी कम उंचाई पर लटक रही केबिल के कारण लोगों का निकलना मुश्किल हो रहा है। बिजली न होने पर अंधेरे में लोग फाइबर केबिल से टकरा जाते हैं तो कई बार बाइक चालक भी केबिल से टकराकर गिर जाते हैं। इतना ही नहीं चार पहिया वाहन चालकों को वाहन निकालने के लिए पहले केबिल को ऊपर उठाना पड़ता है तब वह अपना वाहन निकाल पाते हैं। एक सप्ताह से अधिक समय से केबिल लटक रही है। इसके बाद भी जिम्मेदार इसे सही करने में कोई रूचि नहीं दिखा रहे हैं। जिसके चलते आसपास रहने वाले लोगों और राहगीरों में रोष है। मोहल्ले के कपिल सोनी, मोनू, नरेंद्र, सुशील, बृजेश, संतोष आदि ने जिम्मेदारों से जमीन के नजदीक लटक रही फाइबर केबिल को सही कराने की मांग की है।

Leave a Comment