रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन क्षेत्र के इस गांव में खेल का मैदान न होने से खेल प्रतिभाएं दम तोड़ रहीं हैं। खेल के मैदान की मांग पर अगस्त 2024 में खंड विकास अधिकारी ने सीडीओ को अवगत कराया था कि ग्राम पंचायत सचिव और प्रधान को खेल के मैदान की भूमि का चयन खुली बैठक के जरिए करा लिया जाए। लेकिन अब तक भूमि चयन नहीं किया जा सका है। समाजसेवी ने एसडीएम को शिकायती पत्र देकर भूमि का चयन कराने की मांग की है।
कुठौंदा बुजुर्ग निवासी समाजसेवी गजेंद्र सिंह सेंगर ने एसडीएम विनय मौर्य को बताया कि गांव में खेल का मैदान न होने से खेल प्रतिभाएं दम तोड़़ रही हैं। वह करीब एक साल से गांव में खेल का मैदान बनाने की मांग कर रहे हैं। पिछले वर्ष आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के बाद शिकायत का निस्तारण बीडीओ द्वारा किया गया था। जिसमें उन्होंने अगस्त 2024 में सीडीओ को पत्र भेजकर अवगत कराया था कि गांव में खेल के मैदान की कोई भूमि नहीं है। इसके लिए कम से कम एक हेक्टेयर भूमि की आवश्यकता है। ऐसे में ग्राम पंचायत सचिव व प्रधान को निर्देशित कर दिया गया है कि गांव में खुली बैठक कराकर भूमि का चयन करा लिया जाए। परंतु अब तक खेल के मैदान की भूमि का चयन नहीं किया जा सका है। जिसके चलते खेलों में रूचि रखने वाले युवा मायूस हैं। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि गांव में खुली बैठक कराकर शीघ्र ही खेल के मैदान की भूमि का चयन करा लिया जाए। ताकि खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा मिल सकें और वह खेलों के माध्यम से अपने गांव और जिले का नाम रोशन कर सकें।





