पढ़िये आपका अपना अखबार : उत्तम पुकार न्यूज़ – उत्तम पुकार न्यूज़
रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today । जालौन नगर और ग्रामीण क्षेत्र में स्थापित 63 देवी प्रतिमाओं को द्वारिकाधीश मंदिर के प्रांगण में एकत्रित कर नगर के विभिन्न रास्तों से निकाला गया। जिससे पूरा नगर जय माता दी के जयकारों से गूंज रहा था। महिलाएं और नवयुवक बैंड बाजों की धुनों पर सड़कों पर थिरकते हुए निकले। भक्तों ने जगह-जगह पानी, शर्बत पिलाकर शोभा यात्रा में चल रहे भक्तों का गला तर किया। नारायणपुरा बंबा में देवी प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया।
इस वर्ष नगर और ग्रामीण क्षेत्र में 63 स्थानों पर देवी प्रतिमाओं को स्थापित किया गया था। सभी मूर्तियों को सबसे पहले नगर के मध्य स्थित द्वारिकाधीश मंदिर के प्रांगण में एकत्रित किया गया। जहां से देवी विसर्जन की शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ। जो झंडा चौराहा, बस स्टैंड, तहसील रोड से कोतवाली रोड होते हुए देवनगर चौराहे से डाकघर, कांजी हाउस, पानी की टंकी, सब्जी मंडी, छोटी माता मंदिर होते हुए सहावनाका से सीधे ग्राम नारायणपुरा के पास स्थित बंबा में विसर्जन के लिए रवाना हुई। डीजे और बैंड बाजे की धुनों पर भक्त अबीर, गुलाल उड़ाकर झूमते नाचते हुए आगे बढ़ रहे थे। नगर जगह जगह भक्तों ने स्टॉल लगाकर प्रसाद, पानी, शर्बत, बूंदी, चना, हलुआ आदि का वितरण किया। इस दौरान पूरा नगर ‘जय माता दी’ के जयकारों से गूंज रहा था। एसडीएम राकेश कुमार सोनी, सीओ अजय कुमार सिंह, कोतवाल हरिशंकर चंद, चौकी प्रभारी मनीष तिवारी शांति व्यवस्था की कमान संभाले हुए नजर आए।





