जालौन में डीएम और एसपी ने किया मिशन शक्ति 6 का शुभारंभ,, सम्बोधन में कही यह बात

पढ़िये आपका अपना अखबार : उत्तम पुकार न्यूज़ – उत्तम पुकार न्यूज़

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । मिशन शक्ति के माध्यम से महिलाएं सशक्त हो रही हैं। अब वह अपने प्रति होने वाले अपराधों का जबाव देने लगी हैं। यह बात डीएम समीर ने मिशन शक्ति फेज 6.0 के शुभारंभ पर कोतवाली में आयोजित एक कार्यक्रम में कही।
मंगलवार से मिशन शक्ति फेज 6.0 का शुभारंभ कोतवाली में स्थित मॉडल मिशन शक्ति केंद्र परिसर में मुख्य अतिथि डीएम समीर एवं एसपी सुरेशचंद्र रावत ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान डीएम ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि नारी घर और समाज को ऊर्जा देती हैं। महिलाओं के लिए ही मिशन शक्ति केंद्र बनाया गया है। मॉडल मिशन शक्ति केंद्र पर महिलाएं अपनी बात निसंकोच कह सकती हैं। कहा कि आज के समय में परिवार की कीमत को लोग भूलते जा रहे हैं, जबकि परिवार भारतीय संस्कृति की महत्पूर्ण इकाई है। कोई समस्या आने पर धैर्य से काम लें। मोबाइल पर अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। कोई पहचान छुपकर इसका गलत फायदा उठा सकते है। व्यक्तिगत चीजों को साझा करने के लिए ऑनली फ्रेंड या ऑनली फैमिली फिल्टर का उपयोग करें। उन्होंने महिला कांस्टेबलों की तारीफ करते हुए कहा कि महिलाओं को आगे बढ़ते हुए देखना अच्छा लगता है।

एसपी सुरेशचंद्र रावत ने कहा कि यूपी 112 देश में सबसे बेहतर है। जिसमें महिला पीआरवी टीम मौके पर पहुंचती है। साइबर अपराध के लिए 1920 नंबर पर डायल करें। कोतवाली में बने मॉडल मिशन शक्ति केंद्र की तरह की जनपद के अन्य थानों में भी इसी तरह के मिशन शक्ति केंद्र बनाए जाएंगे। महिला कोई शिकायत करती है तो तीन माह तक उससे फीडबैक लिया जाएगा ताकि कोई दोबारा से उसे परेशान न करे। महिलाओं के लिए प्रभावी कानून बनाए गए हैं। परेशान होकर कोई गलत कदम न उठाएं बल्कि अपनी समस्या को पुलिस तक पहुंचाए ताकि उसका समाधान किया जा सके। एएसपी डॉ. ईशान सोनी ने आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। संचालन डॉ. ममता स्वर्णकार ने किया। इस मौके पर सीओ अजय कुमार सिंह, कोतवाल हरिशंकर चंद, प्रभारी मिशन शक्ति उरई पूनम यादव, प्रभारी महिला शक्ति मोबाइल नीरज सिंह, एसआई सन्नो देवी, निशा, पूनम, मधु, दीपिका आदि रहे।