रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन नगर के बंगरा मार्ग स्थित कृषि उत्पादन मंडी समिति में अव्यवस्थाओं का संज्ञान लेकर डीएम व एसपी ने मंडी परिसर निरीक्षण किया साथ ही व्यापारियों और किसानों की समस्याओं को सुना। जिनके निस्तारण का आश्वासन डीएम ने दिया।
कृषि उत्पादन मंडी समिति में धान खरीद के दौरान जनपद व जनपद के बाहर से किसान बड़ी संख्या अपना धान बेचने आ रहे हैं। धान की अधिक आवक होने के चलते मंडी में व्यवस्थाएं चरमरा गई हैं। प्रतिदिन किसानों को जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है। गल्ला मंडी में फैली अवस्थाओं को लेकर बीती 27 अक्टूबर को मंडी के व्यापारियों और 14 नवंबर को किसानों ने जाम लगाया था। बार बार जाम लगने की आ रही नौबत को देखते हुए डीएम राजेश कुमार पांडेय व एसपी डॉ. दुर्गेश कुमार शनिवार को मंडी पहुंचे। जहां गल्ला व्यापार कल्याण समिति के कोषाध्यक्ष मोहन कुशवाहा, मनीष गुप्ता, गौरव गुर्जर, पंजाब सिंह आदि ने डीएम को बताया कि मंडी में कच्चे फर्श का समतलीकरण कराकर पक्का कराया जाए। जिस पर उन्होंने मंडी सचिव वीरेंद्र कुमार को निर्देश दिए कि कच्चे फर्श का समतलीकरण करा दिया जाए और इंटरलॉकिंग करा दी जाए। इसके अलावा विभिन्न विभागों द्वारा चेकिंग के दौरान पकड़े गए ट्रकों को मंडी परिसर में खड़ा कराने से कम स्थान बचने की भी बात कही। जिस पर डीएम ने एआरटीओ से बात कर मंडी में खड़े चालानी ट्रकों को छत्रसाल ग्राउंड में खड़ा कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा व्यापारियों ने मंडी परिसर में संचालित वेयरहाउस (भंडार गृह) को खुलवाने और वहां ट्रैक्टर खड़े कराकर किसानों की फसल को देखते हुए वहीं पर बोली लगाने की मांग की। जिस पर डीएम ने जरुरत पड़ने पर वेयरहाउस को खुलवाने के निर्देश दिए।

डीएम के पूछने पर मंडी सचिव ने बताया कि मंडी में व्यापारियों द्वारा 1 लाख 6 क्विंटल धान की खरीद की जा चुकी है। जबकि सरकारी धान क्रय केंद्र पर मात्र 88 क्विंटल धान, 150 क्विंटल बाजरा व 500 क्विंटल ज्वार की खरीद हुई है। उधर, किसानों ने व्यापारियों पर आरोप लगाया कि धान की खरीद बोली के अनुरूप नहीं की जाती है। इसके अलावा मुद्दत के नाम पर किसानों से दो फीसदी की कटौती कर ली जाती है। इसे बंद कराया जाए। किसानों की समस्या के समाधान का डीएम ने आश्वासन दिया। इस मौके पर एसडीएम विनय मौर्य, मंडी सचिव वीरेंद्र कुमार, क्रय केंद्र प्रभारी अवनींद्र कुमार आदि मौजूद रहे।





