रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । संपूर्ण समाधान दिवस में आने वाली शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए। शिकायतों का घर बैठकर निस्तारण न किया जाए। क्रॉस चेकिंग में यदि निस्तारण फर्जी पाया जाता है तो कार्रवाई के लिए तैयार रहें। यह बात डीएम राजेश पांडेय ने संपूर्ण समाधान दिवस में अधीनस्थों के समक्ष कही।
तहसील सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन डीएम राजेश पांडेय व एसपी डॉ. दुर्गेश कुमार की उपस्थिति में आयोजित हुआ। संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 60 शिकायतें दर्ज की र्गइंं जिनमें से 14 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। मोहल्ला खटीकान निवासी आरती सिंह ने सार्वजनिक रास्ते पर निर्माण कराए जाने की शिकायत प्रस्तुत की। डीएम ने राजा बेटी, अजय कुमार एवं विजय कुमार को भी सुना और तहसीलदार, कोतवाल, अधिशासी अधिकारी व लेखपाल की संयुक्त टीम से स्थलीय जांच कराई। नगर पालिका से स्वीकृत नक्शा, नजरि व चौहद्दी का मिलान कराया गया, जिसमें निर्माण स्वीकृत मानचित्र के अनुरूप पाया गया। तथ्य स्पष्ट होने पर प्रकरण का निस्तारण कर दिया गया। अशोक कुमार श्रीवास्तव ने आरसीसी सड़क निर्माण के संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर के पास सड़क निर्माण नहीं हुआ है। डीएम ने अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग एवं संबंधित अधिकारियों की संयुक्त टीम बनाकर मौके पर जांच कराई। निरीक्षण में सड़क पूर्ण रूप से निर्मित पाई गई, जबकि कुछ हिस्से में इंटरलॉकिंग कार्य कराया गया था। जांच रिपोर्ट के आधार पर शिकायत का समाधान किया गया। ग्राम सलाबाद निवासी निर्दाेष कुमार चतुर्वेदी ने चकमार्ग पर अतिक्रमण की शिकायत दी। राजस्व टीम द्वारा गाटा संख्या 262 की पैमाइश कर सीमांकन किया गया। जांच में पाया गया कि चकमार्ग का एक भाग वर्षों से नाले के रूप में उपयोग में है और कुछ हिस्सा गड्ढे के कारण बाधित है। डीएम ने बीडीओ को एक सप्ताह के भीतर चकरोड डलवाने के निर्देश दिए। देवकी पत्नी ब्रजबिहारी एवं ठाकुर दीन के बीच नगर क्षेत्र स्थित मकान विवाद का नायब तहसीलदार द्वारा मौके पर निस्तारण कराया गया। दीक्षा पत्नी रामपाल, निवासी पर्वतपुर के परिवार सदस्यता प्रमाण पत्र एवं वरासत संबंधी प्रकरण का भी तत्काल समाधान किया गया। अंश दुरुस्ती के मामलों में सुखराम सिंह पुत्र मुलायम सिंह, निवासी बिजुवापुर सहित अन्य प्रकरणों का निस्तारण किया गया। दिव्यांग प्रमाण पत्र के लिए आवेदक जावेद एवं प्रीति सिंह को मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा मौके पर ही प्रमाण पत्र उपलब्ध कराए गए। इस मौके पर एसडीएम हेमंत पटेल, एसडीएम न्यायिक विशेश्वर यादव, सीएमओ वीरेंद्र सिंह, ईओ सुशील कुमार आदि मौजूद रहे।






