रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today ।जालौन नगर में इस बार दशहरे का पर्व भव्य और आकर्षक तरीके से मनाया जाएगा। बाराहीं देवी मेला मैदान में रावण दहन के दौरान इको फ्रेंडली आतिशबाजी आकर्षण के केंद्र में होगी। पर्व को लेकर तैयारियां पूरी की जा रही हैं। शनिवार को अधिकारियों के साथ चेयरमैन प्रतिनिधि व दशहरा कमेटी ने मैदान का निरीक्षण किया।
दशहरा मेला समिति के तत्वावधान में बाराहीं देवी मेला मैदान पर रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। शनिवार की शाम एसडीएम राकेश सोनी, सीओ अजय कुमार सिंह, चेयरमैन प्रतिनिधि पुनीत मित्तल, दशहरा मेला समिति अध्यक्ष अनिल पुरवार बाराहीं देवी मेला मैदान में हो रही तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे और आवश्यक निर्देश दिए। दशहरा मेला समिति के अध्यक्ष अनिल पुरवार ने बताया कि श्रीबाराहीं देवी मेला मैदान में रावण दहन का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस बार 45 फीट ऊंचा रावण का पुतला तैयार कराया गया है। इसी मैदान में दशहरा मेला भी लगेगा और रावण वध की लीला का मंचन किया जाएगा। इसके लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं, जिससे लोगों को एक ही स्थान पर मेले और धार्मिक आयोजन का आनंद मिल सके। इस बार रावण दहन के लिए विशेष आतिशबाजी तैयार कराई गई है। आतिशबाजी के माध्यम से तिरंगे के साथ ही अन्य आकर्षक आकृतियां दिखाई देंगी। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देते हुए इको फ्रेंडली आतिशबाजी का प्रयोग किया जाएगा ताकि आयोजन को आकर्षक बनाने के साथ पर्यावरण का ध्यान रखा जा सके। बाराहीं देवी मेला मैदान में मेले और मंचन को लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। एक दो दिन में तैयारियों को पूरा कर लिया जाएगा।





