रिपोर्ट बबलू सेंगर
E-Magzine Uttampukarnews June 2025 – उत्तम पुकार न्यूज़
Jalaun news today । जालौन में मुहर्रम के पर्व पर नगर में ताजिया निकलने के नाम पर शनिवार की रात को पूरे नगर की पांच घंटे और रविवार को दिन में पूरे नगर में चार घंटे व दो फीडर आठ घंटे बंद रहे। उमस भरी गर्मी में अंधाधुंध बिजली कटौती के कारण आम जनता परेशान हो गई है। जबकि शांति समिति की बैठक में जिस रूट पर ताजिए निकल रहे हों उसी रूट बकी बिजली बंद किए जाने पर सहमति बनी थी।
नगर में बिजली आपूर्ति के लिए चार फीडर बनाये गए हैं। मुहर्रम के मौके पर छड़ें व ताजिया एक निश्चित मार्ग से जाते हैं। इनके निकलने का समय भी निर्धारित हैं। इसके बाद भी स्थानीय प्रशासन छड़ें व ताजिया के मार्ग के हिसाब से फीडर बंद नहीं कराते हैं। छड़ या ताजिया जुलूस शुरू होते ही पूरे नगर की बिजली आपूर्ति ठप कर दी जाती है। रविवार की रात को ताजिया के नाम पर रात साढ़े 12 बजे से सुबह साढ़े पांच बजे तक लगातार पांच घंटे पूरा नगर अंधेरे में रहा है। उमस भरी गर्मी में पूरी रात बिजली न आने से जनता परेशान रही। रविवार को दिन में ताजिया निकाले गए। जिसके चलते दोपहर साढ़े 12 बजे से फिर से पूरे नगर की बिजली आपूर्ति ठप कर दी गई। नगर के चारों फीडर शाम साढ़े चार बजे तक बंद रहे। इसके बाद नगर के दो फीडर बालाजी व लौना फीडर को चालू कर दिया गया। जबकि बैठगंज व सहावनाका फीडर लगातार बंद था। ताजिया दफनाने तक लगभग आठ से नौ बजे तक बिजली बंद रहने की उम्मीद है। आधे नगर की लगातार आठ घंटे बिजली बंद होने से उपभोक्ताओं के घरों में लगे इन्वर्टर भी जबाब दे गए। उमस भरी गर्मी में बिजली न आने से बूढ़े, बच्चे सभी परेशान हो गये। जबकि त्योहार से पूर्व कोतवाली में आयोजित शांति समिति की बैठक में निर्णय लिया गया था कि छड़ व ताजिया के नाम पर पूरा नगर की बिजली आपूर्ति बंद नहीं की जाएगी। बल्कि फीडर के हिसाब से बिजली काटी जाएगी। इसके बाद भी बिजली विभाग आपूर्ति नहीं कर सका। दो दिन से नगर की जनता बिजली के लिए इसी तरह परेशान हो रही है।
