Jalaun news today । पृथ्वी दिवस के अवसर पर पृथ्वी पर पर्यावरण संरक्षण और जीवन जीने के अवसर बनाए रखने के लिए बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें पृथ्वी के संरक्षण पर जोर दिया गया।
नगर के मोहल्ला तोपखाना में पृथ्वी दिवस के अवसर पर लोकेंद्र सिंह के आवास पर बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें पृथ्वी और उसके संरक्षण पर बल दिया गया। इस दौरान लोकेंद्र सिंह यादव ने बताया कि पृथ्वी सभी जीवों के लिए जीवनदायिनी है। जीवन जीने के लिए जिन प्राकृतिक संसाधनों की जरूरत होती है, पृथ्वी वह सब हमें प्रदान करती है। सोमिल याज्ञिक ने कहा कि हालांकि वक्त के साथ सभी जरूरी प्राकृतिक संसाधनों का दोहन इस कदर हो रहा है कि समय से पहले की सभी संसाधन खत्म हो सकते हैं। ऐसे में मनुष्य के लिए पृथ्वी पर जीवित रहना मुश्किल हो जाएगा। इसी मुश्किल को हल करने के लिए एवं लोगों को जागरूक करने के लिए पृथ्वी दिवस मनाया जाता है। जावेद अख्तर ने कहा कि सभी मिलकर एवं जागरूक होकर पृथ्वी संरक्षण की दिशा में कार्य करें। जावेद अख्तर ने पोस्टर के माध्यम से पृथ्वी की अनेक भौगोलिक संरचनाओं एवं उनके महत्व को समझाकर कहा कि बच्चों ही नहीं समाज के लोगों को भी पृथ्वी से प्रदत्त होने वाली चीजों का शुक्रिया कहना चाहिए और पृथ्वी के संरक्षण पर ध्यान देना चाहिए। इस मौके पर पुष्पेंद्र सिंह, राहुल, श्यामू आदि मौजूद रहे।





