रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today ।जालौन क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय नैनपुरा में अंक प्रमाण पत्र वितरण, फेयरवेल व ग्रेजुएशन डे का आयोजन
जालौन के प्राथमिक विद्यालय नैनपुरा में गुरुवार को अंक प्रमाण पत्र वितरण, फेयरवेल पार्टी एवं ग्रेजुएशन डे का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को मोमेंटो व मेडल देकर सम्मानित किया गया, जबकि अन्य सभी विद्यार्थियों को पेन-पेंसिल वितरित की गई।
कक्षा 5 के छात्र-छात्राओं के लिए आयोजित फेयरवेल पार्टी में विभिन्न प्रतियोगिताएं कराई गईं। प्रतियोगिता के विजेता बालक व बालिका को ‘मिस्टर फेयरवेल’ और ‘मिस फेयरवेल’ का खिताब देकर सैश पहनाकर सम्मानित किया गया। साथ ही सभी बच्चों को लंच बॉक्स उपहार स्वरूप प्रदान किए गए।
इसके बाद ग्रेजुएशन डे के तहत बच्चों को टैम (टोपी) पहनाकर समारोह मनाया गया। आकर्षक सेल्फी प्वाइंट पर फोटो खिंचवाकर बच्चों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम का आनंद लिया।
कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित कई सदस्य एवं अभिभावक उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि के रूप में एआरपी सत्येंद्र मिश्रा एवं सब इंस्पेक्टर कुंवर सिंह पाल ने शिरकत की। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका रीनू पाल ने अतिथियों को स्वनिर्मित लिप्पन आर्ट सीनरी भेंट कर सम्मानित किया।
विद्यालय के सहायक अध्यापक अनंतराम एवं आशीष आनंद ने अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व मुख्य अतिथियों को अंगवस्त्र भेंट किए। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से अभिभावकों से बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने तथा अधिक से अधिक नामांकन कराने का आह्वान किया गया। साथ ही गुणवत्तापूर्ण एवं संस्कारयुक्त शिक्षा देने का आश्वासन भी दिया गया ।




