रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन क्षेत्र में लगभग 20 दिन पूर्व हुई मायके आई नवविवाहिता द्वारा फांसी लगाकर खुदकुशी कर लेने के मामले में मृतका के पिता ने गांव के ही एक युवक पर बेटी का शोषण करने और धमकाने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी। पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम एदलपुर निवासी मान सिंह ने पुलिस को बताया कि उनके गांव के ही युवक बीटू के पास उसकी बेटी की तस्वीरें और वीडियो थीं। जिनको वायरल करने की धमकी देकर वह उसे परेशान करता था। काफी समय बाद जब बेटी ने यह बात घर पर बताई तो वह बीटू के घर गए और बीटू के भाई राहुल, रोहित व मोहित से बात की और उन्हें समझाने के लिए कहा। लेकिन उल्टा उन्होंने उसे वहां से भगा दिया। जिसके बाद उन्होंने पांच मई 2025 को बेटी की शादी कर दी। शादी के बाद 18 मई को उनकी बेटी मायके आई। इसकी जानकारी बीटू को हुई तो वह पुनः बेटी को परेशान करने लगा। 24 मई को वह पत्नी को लेकर एक निमंत्रण में गए थे। रश्मि घर पर ही थी। रात में बीटू ने रश्मि को फोन किया और उसे धमकाकर नीचे बुलाया और उससे बात की। उसकी हरकतों से परेशान होकर सुबह करीब चार बजे बेटी ने कमरे में जाकर साड़ी से फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाल अजीत सिंह ने बताया कि पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करेगी।





