रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन क्षेत्र में जल जीवन मिशन के तहत गांव में पाइप लाइन डालने के लिए खोदे गए गड्ढे अभी तक भरे नहीं गए हैं। मुख्य मार्गों में खुले पड़े गड्ढे परेशानी का सबब बने हुए हैं। गड्ढों के कारण वाहनों का निकलना मुश्किल हो रहा है।
विकास खंड के ग्राम अकोढ़ी दुबे में जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल परियोजना का शुभारंभ लगभग पांच वर्ष पूर्व हुआ था। कार्य की शुरूआत गांव में युद्धस्तर पर की गई। लेकिन जैसे जैसे समय गुजरता गया वैसे वैसे काम की रफ्तार भी धीमी होती गई। गांव में पानी की टंकी बना दी गई। साथ ही पूरे गांव में सड़कें खोदकर पाइप लाइन भी बिछा दी गई। लेकिन पाइप लाइन डालने के लिए सड़कें खोदने के बाद जिम्मेदार इन सड़कें को ठीक करना भूल गए। खोदी गई सड़कों को अब तक ठीक नहीं कराया गया है। जिसके चलते राहगीर परेशान हो रहे हैं। बारिश के मौसम में तो स्थिति और भी बिगड़ जाती है। कई बार मांग के बावजूद अभी तक इन सड़कों को सही नहीं किया गया है। गांव की निवासी राजा भईया कुशवाहा, पवन कुमार, प्रदीप चौधरी, धर्मेंद्र कुशवाहा बताते हैं कि प्राइमरी पाठशाला, हरीशंकरी मंदिर व पहाड़पुरा मार्ग समेत विभिन्न स्थानों बड़े बड़े व खुले हुए गहरे गड्ढे होने से वाहनों को निकालने में दिक्कत हो रही है और रात के अंधेरे में खुले पड़े गड्ढे दुर्घटना का कारण बन रहे हैं। ग्रामीणों ने खुले पड़े गड्ढों को बंद कराने की मांग की है।





