पूर्व जिला प्रभारी इकलाख राईन पर गिरी गाज, अनुशासनहीनता पर बसपा से निष्कासित

बसपा के कड़े कदम से मिशनरियों के चेहरे पर मुस्कान, जिला अध्यक्ष डॉ. बृजेश जाटव ने जारी किया आदेश

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने संगठन में अनुशासन और शुचिता बनाए रखने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। पार्टी विरोधी गतिविधियों और लगातार अनुशासनहीनता के आरोप में बसपा जिला इकाई ने पूर्व जिला प्रभारी श्री मु. इकलाख राईन को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। जिला अध्यक्ष डॉ. बृजेश जाटव द्वारा जारी इस सख्त कार्रवाई की बसपा के जमीनी कार्यकर्ताओं और मिशनरी कार्यकर्ताओं ने पुरजोर सराहना की है।

बार-बार चेतावनी के बाद भी नहीं बदला रवैया

बसपा जिला कार्यालय जालौन द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जिला जालौन निवासी मु. इकलाख राईन (पूर्व जिला प्रभारी) पिछले काफी समय से पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त थे। जिला अध्यक्ष डॉ. बृजेश जाटव ने बताया कि पार्टी नेतृत्व द्वारा उन्हें अपनी कार्यशैली में सुधार करने और अनुशासन में रहने के लिए कई बार लिखित व मौखिक चेतावनी दी जा चुकी थी। इसके बावजूद उनकी गतिविधियों और कार्यप्रणाली में कोई सुधार नहीं आया।
पार्टी और मूवमेंट के हित में लिया गया निर्णय
पत्र में स्पष्ट किया गया है कि बहुजन समाज पार्टी और बहुजन मूवमेंट के व्यापक हित को ध्यान में रखते हुए दिनांक 17 मई 2026 को उन्हें तत्काल प्रभाव से पार्टी से निष्कासित करने का निर्णय लिया गया। इस आदेश पर जिला अध्यक्ष डॉ. बृजेश जाटव के हस्ताक्षर और आधिकारिक मुहर मौजूद है।

मिशनरी कार्यकर्ताओं ने जताया फैसले का स्वागत

इस कड़े फैसले के बाद बसपा के पुराने और समर्पित मिशनरी कार्यकर्ताओं के चेहरों पर मुस्कान है और उनमें भारी उत्साह देखा जा रहा है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि पार्टी सुप्रीमो मायावती जी की नीतियों के अनुरूप अनुशासनहीनता के खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई बेहद जरूरी थी। मिशनरियों का मानना है कि इस कदम से संगठन में गुटबाजी और अनुशासनहीनता फैलाने वाले तत्वों को कड़ा संदेश जाएगा और जमीनी स्तर पर पार्टी व मूवमेंट को और अधिक मजबूती मिलेगी।