लखनऊ। उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा ने आज अहिमामऊ अंडरपास के आस पास की व्यवस्था का निरीक्षण करने के पश्चात वृंदावन योजना अंडरपास के आसपास की गई सजावट एवं व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण करने पहुंचे ऊर्जा मंत्री श्री शर्मा ने वहां पर बनाए गए लाइट ट्री,पार्कों,वाटिका की उन्होंने तारीफ की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि तैयारियों में जो भी कुछ कार्य शेष बचे हैं। उन्हें आज ही पूर्ण कर लिया जाए।

श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रयासों से एवं मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 2 बड़े वैश्विक इवेंट ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट और जी -20 का आयोजन होने जा रहा है। इसके चलते पूरी दुनिया में लखनऊ एक विलक्षण नगर बनकर उभरा है।
उन्होंने कहा कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट और जी-20 में देश-दुनिया भर से उद्योगपति, निवेशक, राजनयिकों के डेलीगेट्स आएंगे। देशी विदेशी मेहमानो के स्वागत के लिए लखनऊ को बहुत ही खूबसूरत तरीके से सजाया गया है। फिर भी कहीं कोई कमी बेसी रह गई होगी तो उसे शीघ्र ही पूरा कराया जाएगा।

नगर विकास मंत्री श्री शर्मा ने लखनऊ वासियों,नगर विकास विभाग, लखनऊ विकास प्राधिकरण, अन्य सरकारी एजेंसियों तथा लखनऊ को सुंदर और आकर्षक बनाने में लगे सभी छोटे बड़े कर्मचारियो व अधिकारियो तथा मेहनत कस लोगों को एस कार्य के लिए प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि लखनऊ को दुल्हन की तरह सजाने संवारने के लिए आप सभी को हार्दिक बधाई दी।
जारी किए ये निर्देश
श्री शर्मा ने अहिमामऊ अंडरपास के आसपास का निरीक्षण करते हुए वहां पर बनाए जा रहे पार्क का शीघ्र सुंदरीकरण करने तथा इसके चारों ओर रेलिंग,जली लगाने का भी निर्देश दिए। वहां पर बनाए गए वर्टिकल गार्डन तथा अंडरपास की दीवारों पर की गई पेंटिंग की उन्होंने प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि सभी के प्रयासों से लखनऊ को वैश्विक शहर बनाने में सफलता मिलेगी।

इस दौरान नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह ने कहा कि यहां से विद्युत के 16 खंभे तथा ट्रांसफॉर्मर को हटाया गया हैं। यहां पर भी सर जाम लगता था इसके लिए सड़कों को चौड़ा किया गया है और जो भी कमियां अभी रह गई हैं, उसे आज ही पूरा कर लिया जाएगा।




