8.76 लाख से अधिक रूफटॉप सोलर प्लांट लगाकर उत्तर प्रदेश ने गुजरात को पीछे छोड़ा, देश में प्रथम स्थान हासिल किया

Lucknow news today। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन में उत्तर प्रदेश ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए 8,76,500 से अधिक रूफटॉप सोलर प्लांट स्थापित कर इंस्टॉलेशन के मामले में देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। उत्तर प्रदेश ने गुजरात को पीछे छोड़ते हुए यह उपलब्धि हासिल की है। यह सफलता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘हर घर सौर ऊर्जा’ के संकल्प तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व और नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा के प्रयास और निरंतर मॉनिटरिंग का परिणाम है।ऊर्जा मंत्री श्री शर्मा की निरंतर मॉनिटरिंग में यूपीनेडा, बिजली विभाग, डिस्कॉम, बैंकिंग संस्थानों और अधिकृत वेंडर्स के समन्वित प्रयासों से योजना को मिशन मोड में आगे बढ़ाया गया। जिला स्तर पर नियमित समीक्षा, बैंकिंग फॉलोअप, मीटरिंग की निगरानी और लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण से रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन की गति में तेजी आई है।
नगर विकास एवं उर्जा मंत्री ए के शर्मा ने बताया कि प्रदेश में अब तक 2,942 मेगावाट से अधिक रूफटॉप सोलर क्षमता स्थापित हो चुकी है, जिससे प्रतिदिन 1.32 करोड़ यूनिट से अधिक स्वच्छ बिजली उत्पादन की क्षमता है। इससे न केवल लाखों परिवारों के बिजली खर्च में कमी आ रही है, बल्कि प्रदेश की ऊर्जा आत्मनिर्भरता भी मजबूत हो रही है। रूफटॉप सोलर से लगभग 11,700 एकड़ भूमि के बराबर भू-आवश्यकता से बचाव और 34 लाख टन से अधिक वार्षिक CO₂ उत्सर्जन में कमी का अनुमान है।यह पर्यावरणीय लाभ लगभग 15 करोड़ से अधिक पेड़ों द्वारा 1 वर्ष में अवशोषित किया जाने वाले कार्बन के बराबर माना जा सकता है।प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना ने प्रदेश में रोजगार के नए अवसर भी पैदा किए हैं। यूपीनेडा द्वारा 8,000 से अधिक वेंडर्स को इम्पैनल्ड किया गया है, जिसके माध्यम से सौर ऊर्जा क्षेत्र में एक लाख से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं। वहीं, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, जेवर, दादरी, मथुरा और गाजियाबाद सहित प्रदेश के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में सोलर मैन्युफैक्चरिंग और इससे जुड़े उद्योगों का इकोसिस्टम तेजी से विकसित हो रहा है।
योजना की सफलता का असर जनपदों की रैंकिंग में भी दिखाई दे रहा है। प्रदेश के 15 जनपद देश के टॉप-100 में शामिल हैं। इनमें लखनऊ ने देश में प्रथम स्थान हासिल किया है, जबकि वाराणसी 10वें स्थान पर है। केंद्रीय एवं राज्य सब्सिडी के माध्यम से ₹7,700 करोड़ से अधिक की वित्तीय सहायता का प्रभाव सामने आया है, जिससे घरेलू उपभोक्ताओं के लिए रूफटॉप सोलर अपनाना आसान हुआ है।
मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश के यह उपलब्धि देश में नंबर वन की रैंकिंग तक सीमित नहीं है बल्कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ आत्मनिर्भर और हरित भारत के संकल्प को जमीन पर उतरने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।उत्तर प्रदेश अब केवल रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन में देश का नंबर-1 राज्य नहीं, बल्कि सौर ऊर्जा, ग्रीन जॉब्स और स्वच्छ ऊर्जा आधारित अर्थव्यवस्था की दिशा में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।
पढ़िये आपकी अपनी मासिक पत्रिका : उत्तम पुकार न्यूज़ – उत्तम पुकार न्यूज़




