अपना दल के स्थापना दिवस पर हुई विशाल जनसभा,,

अपना दल कमेरावादी ने भारी भीड़ जुटाकर दिखाई ताकत

लखनऊ/वाराणसी। अपना दल कमेरावादी के तत्वावधान में मंगलवार को पार्टी स्थापना दिवस के अवसर पर विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। पूर्व नियोजित कार्यक्रम के अनुसार पटेल तालाब, कोरौता स्थित रामलीला मैदान में भारी संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं ने अपनी ताकत दिखाई। इस दौरान बसों, चार पहिया वाहनों और मोटरसाइकिल जुलूस के शक्ल में कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल ने कहा कि वंचित समुदाय को सत्ता में भागीदारी दिलाकर संपूर्ण व्यवस्था परिवर्तन के लक्ष्य के लिए डॉ सोनेलाल पटेल ने 4 नवंबर 1995 को अपना दल की स्थापना की थी। तभी से कमेरा समाज के अधिकारों की लड़ाई अनवरत जारी है। कमेरा समाज के इस कारवां को रोकने के लिए 23 अगस्त 1999 को इलाहाबाद के पी डी टंडन पार्क में डॉ सोनेलाल पटेल पर प्राणघातक हमला किया गया।

अपना दल का प्रभाव इतना बढ़ा कि सत्ताधारी ताकतों ने 17 अक्टूबर 2009 को साजिश के तहत डॉ सोनेलाल पटेल की हत्या करवा दी। इसके बाद से तमाम विपरीत परिस्थितियों के बावजूद विघटनकारी ताकतों द्वारा उत्पन्न किए गए तमाम बाधाओ के बावजूद अपना दल कमेरावादी विचारधारा के साथ आगे बढ़ रहा है। और आने वाले दिनों पर जमीनी स्तर पर काम करते हुए उत्तर प्रदेश के राजनीति में बड़े बदलाव करेगा।

मुख्य वक्ता सिराथू विधायक डॉ पल्लवी पटेल ने कहा कि संपूर्ण वंचित समाज के भागीदारी से ही सत्ता और व्यवस्था परिवर्तन संभव है। सामाजिक न्याय के तहत किसानों कमेरों, महिलाओं और युवाओं के अधिकारों के लिए वृहद आंदोलन की आवश्यकता है।

इन विषयों को लेकर अपना दल कमेरावादी लगातार उत्तर प्रदेश की सड़कों पर संघर्षरत है और सामाजिक अन्याय के खिलाफ एक मुखर आवाज बन कर उभरा है। सत्ता से दूर रहते हुए भी जनता के पक्ष में आंदोलन हमारी पहचान है। यह सब एक बड़े राजनीतिक बदलाव का संकेत है। आने वाले दिनों में जनसरोकारों से जुड़ते हुए सभी वंचित वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए सत्ता एवं व्यवस्था परिवर्तन किया जाएगा।

उन्होंने बड़ी संख्या में आए कार्यकर्ताओं का आभार प्रकट करते हुए व्यवस्था परिवर्तन की लड़ाई को जारी रखने का संकल्प दिलवाया।