लखनऊ के छह चौराहों पर 21 सितम्बर तक अवैध वाहनों के खिलाफ चलेगा अभियान

लखनऊ में 14 वाहनों का चालान, 12 बंद

(संजय सिंह की रिपोर्ट )

लखनऊ । राजधानी लखनऊ के छह चौराहों पर जिला अधिकारी के निर्देश पर बुधवार को दूसरे दिन 14 अनाधिकृत (अवैध) वाहनों का चालान किया गया,जबकि 12 वाहनों को बिना फिटनेस और टैक्स बकाए के चलते विभिन्न थानों में बंद कराया गया है।
राजधानी लखनऊ के छह चौराहे पर बुधवार को अनाधिकृत वाहनों के खिलाफ धरपकड़ अभियान जारी रहा। इस दौरान करीब 26 अनाधिकृत यात्री वाहन पकड़े गए। परिवहन विभाग और रोडवेज का संयुक्त चेकिंग अभियान अवध चौराहे से लेकर शहीदपथ, तेलीबाग, सीतापुर रोड़, अयोध्या रोड और कैसरबाग में चलाया गया। इस दौरान 14 वाहनों का चालान करते हुए 12 वाहनों को बिना फिटनेस और टैक्स बकाए के चलते विभिन्न थानों में बंद कराया गया है।
लखनऊ परिक्षेत्र के उप-परिवहन आयुक्त निर्मल प्रसाद ने बताया कि शहर में अवैध वाहनों का संचालन पूरी तरीके से प्रतिबंधित किया जाएगा। इसके लिए अनाधिकृत वाहनों के खिलाफ 21 सितम्बर तक लगातार धरपकड़ अभियान जारी रहेगा। अवैध वाहनों के खिलाफ अभियान से यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी और जाम से काफी हद तक राहत भी मिलेगी।

Leave a Comment