यूपी भाजपा की महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न,,इन मुद्दों पर हुई चर्चा,, प्रदेशाध्यक्ष और संगठन मंत्री ने सम्बोधन में कही यह बात

Lucknow news today । यूपी की राजधानी लखनऊ में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी की अध्यक्षता एवं प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह की मौजूदगी में पार्टी के राज्य मुख्यालय, लखनऊ में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक सम्पन्न हुई। यह बैठक दो चरणों में सम्पन्न हुई, जिसमें आगामी कार्यक्रमों, अभियानों और संगठन की भावी कार्ययोजना पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
बैठक में पार्टी द्वारा चलाए जा रहे “आत्मनिर्भर भारत अभियान”, लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी की 150वीं जयंती पर पार्टी द्वारा आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों, भारत के राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूर्ण होने पर 7 नवंबर को होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों और मतदाता पुनरीक्षण अभियान, पर विस्तारपूर्वक चर्चा करते हुए आगामी कार्ययोजना तैयार की गई। बैठक में प्रदेश पदाधिकारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, और विभिन्न अभियानों के संयोजक सम्मिलित हुए। बैठक का संचालन पार्टी के प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ला ने किया।


प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण का आंदोलन है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने आत्मनिर्भर भारत का जो संकल्प लिया है, वह अब एक व्यापक जनांदोलन के रूप में आगे बढ़ रहा है। यह अभियान केवल एक पहल नहीं, बल्कि भारत के आत्मसम्मान और स्वावलंबन का अभियान है।
उन्होंने कहा कि आगामी 7 नवंबर को भारत के राष्ट्र गीत ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूर्ण होने पर होने वाले समारोह में पार्टी कार्यकर्ताओं को व्यापक स्तर पर आयोजित सहभागिता करनी होगी। “वंदे मातरम” केवल गीत नहीं, यह हमारे राष्ट्र की आत्मा है, जिसने आज़ादी के आंदोलन में करोड़ों लोगों में देशभक्ति की ज्वाला प्रज्वलित की थी। आज फिर से वही भाव जगाना हमारा लक्ष्य होना चाहिए।”
प्रदेश अध्यक्ष ने मतदाता पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा करते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ता “प्रत्येक पात्र व्यक्ति को मतदाता सूची में जोड़ने” का संकल्प लेकर अपने बूथों पर सक्रिय हों। उन्होंने कहा कि “लोकतंत्र की मजबूती मतदाता की सक्रियता से होती है, और भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता लोकतंत्र के इस पर्व में भागीदारी सुनिश्चित करे।”
श्री चौधरी ने सभी पदाधिकारियों से आग्रह किया कि वे संगठनात्मक सुदृढ़ता, जनसंपर्क और सेवा कार्यों को सर्वाेच्च प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि “भाजपा का संगठन सेवा और राष्ट्रहित की भावना पर आधारित है। हम सभी को पार्टी की रीति-नीति और जनसेवा की परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य करना होगा।”


प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने बैठक में उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संगठन अपनी सुदृढ़ संरचना और अनुशासित कार्यशैली के लिए जाना जाता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने-अपने क्षेत्र में “कर्तव्यनिष्ठ और परिणामोन्मुखी कार्यशैली” अपनानी चाहिए।
संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह ने आगामी अभियानों की रूपरेखा पर चर्चा करते हुए कहा कि वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने का अवसर “सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की पुनर्पुष्टि का पर्व” है, जिसमें हर कार्यकर्ता को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने बताया कि वंदे भारत के 150 वर्ष पूर्ण होने पर पार्टी द्वारा 7 नवम्बर से पूरे प्रदेश में विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों को आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 07 नवम्बर को पूरे प्रदेश में 18 स्थानों पर “वंदे भारत” अभियान को लेकर एक साथ कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे। इन कार्यक्रमों को लेकर अभी से हमें अपनी तैयारियां प्रारम्भ कर देनी चाहिए। अभियान का प्रदेश संयोजक पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री त्रयम्बक त्रिपाठी को बनाया गया है।
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने मतदाता पुनरीक्षण अभियान से पार्टी पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों एवं अभियान के संयोजको से आगामी मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में पूरी गंभीरता और निष्ठा से जुड़ने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि “मतदाता पुनरीक्षण” केवल एक निर्वाचन प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतंत्र की आधारशिला को मजबूत करने का अभियान है। प्रदेश महामंत्री (संगठन) ने कहा कि संगठन के प्रत्येक स्तर पर बूथ, शक्ति केंद्र और मंडल तक यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित होने से छूट न रहे। उन्होंने विशेष रूप से नए मतदाताओं जिनकी आयु 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है उनके नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए योजनापूर्वक कार्य करने का आह्वान किया।
उन्होंने निर्देश दिया कि सभी बूथ समितियाँ, स्थानीय स्तर पर समन्वय बनाकर मतदाता सूची के संशोधन, नाम जोड़ने, सुधार और विलोपन की प्रक्रिया में सक्रिय योगदान दें। प्रत्येक कार्यकर्ता यह जिम्मेदारी समझे कि उसके बूथ पर कोई भी पात्र नागरिक मतदान से इसलिए ना वंचित रह जाए कि उसका नाम मतदाता सूची में दर्ज ना हो सका। उन्होंने कहा कि जो लोग किसी अन्य स्थान से आकर आप के बूथ पर रह रहे है उनके नाम पुराने स्थान जहां वो रहते थे वहां से कटकर आपके बूथ की मतदाता सूची में दर्ज हो इसके लिए भी आपको ऐसे नागरिकों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करना होगा।
श्री सिंह ने यह भी कहा कि संगठन की दृष्टि से यह अभियान एक जनसंवाद एवं जनसंपर्क का अवसर भी है। कार्यकर्ता जब मतदाताओं से संपर्क करें तो उन्हें मोदी-योगी सरकार की उपलब्धियों, विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी नीतियों की जानकारी भी दें। उन्होंने कहा कि पार्टी की योजनाओं और कार्यक्रमों के माध्यम से जन-जन तक पहुँचने के लिए कार्यकर्ता सतत सक्रिय रहें।
बैठक में प्रदेश में पार्टी द्वारा चलाए जा रहे “आत्मनिर्भर भारत अभियान”, लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती पर आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों व अन्य अभियानों पर भी चर्चा हुई। इन अभियानों और कार्यक्रमों के माध्यम से आगामी दिनों में अधिकाधिक लोगों को पार्टी के विचारधारा से जोड़ते हुए संगठनात्मक गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी हो इस पर भी चर्चा हुई।