रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन क्षेत्र के बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे पर गेंहू से लदे ट्रक को ओवरटेक करते समय पीछे चल रहे वाहन ने कट मार दिया। बचने के चक्कर में गेंहू लदा ट्रक रेलिंग तोड़ते हुए खाई में गिर गया। हादसे में चालक और परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें सीएचसी से उच्च संस्थान रेफर किया गया।
बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे पर एक ट्रक गेंहू लादकर बांदा की ओर से औरैया की ओर जा रहा था। जब ट्रक शुक्रवार की सुबह करीब पांच बजे छिरिया सलेमपुर के पास पहुंचा तो पीछे चल रहे वाहन ने उसे ओवरटेक करते हुए कट मार दिया। चालक राजेश कुमार (50) पुत्र देवी निवासी ग्राम कुड़िया जिला हरदोई ने ट्रक को बचाने का प्रयास किया। लेकिन बचने के चक्कर में वह स्टियरिंग से संतुलन खो बैठे और बेकाबू ट्रक रेलिंग तोड़कर सड़क किनारे खाई में पलट गया। गेंहू से लदे बोरे भी बिखर गए। हादसे में चालक राजेश कुमार व परिचालक दीपू (31) पुत्र अमरलाल निवासी ग्राम कुड़िया जिला हरदोई गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी मदनपाल पुलिस फोर्स के साथ मूौके पर पहुंच गए और घायलों को बाहर निकलवाया। दोनों घायलों को एंबुलेंस की सहायता से सीएचसी भेजा गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें उच्च संस्थान रेफर कर दिया गया।





