( रिपोर्ट – बबलू सेंगर)

Jalaun news today । जालौन नगर के मोहल्ला चुर्खीबाल में फायर स्टेशन वाली गली में खंभे न होने से जर्जर तार काफी नीचे लटक रहे हैं। जिससे आए दिन फाल्ट होते रहते हैं। रास्ते में काफी नीचे लटकने वाले तारों से कभी भी कोई दुर्घटना हो सकती है। मोहल्ले के लोगों ने बिजली विभाग से समस्या का समाधान कराने की मांग की है।
नगर के मोहल्ला चुर्खीबाल में फायर स्टेशन वाली गली के अंदर एक साइड में बिजली के खंभे नहीं हैं। बिजली के खंभे न होने से लोगों ने काफी दूरी पर स्थित पोल से केबिल डाल रखी है। 100 से 200 मीटर लंबी केबिल होने के कारण इन्हें लोगों के मकान से सपोर्ट दिया गया है। मकान में लगे सपोर्टर तार में कभी कभी करंट का भी खतरा बना रहता है। इसके साथ ही फाल्ट होने एवं बंदरों के कारण भी केबिल टूटती रहती है। जिससे लोगों का खर्च बढ़ता है। आए दिन फाल्ट होने केबिल टूटने से एक ओर जहां खर्च बढ़ता है वहीं हादसे की भी आशंका बनी रहती है। जिसके चलते मोहल्ले के लोग परेशान हैं। इसके अलवा लंबी दूरी के चलते केबिल भी काफी नीचे तक लटकी रहती हैं। हालत यह है कि यदि कोई वाहन निकले तो केबिल उसमें छू जाती है। वहीं, व्यक्ति यदि चाहे तो केबिल को हाथों से पकड़ सकता है। जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है। मोहल्ले के भंवर सिंह, भूपेश बाथम, गुड्डू परिहार, कल्लू कुशवाहा आदि ने बताया कि कई बार शिकायत के बाद भी अभी तक पोल नहीं लगाए जा सके हैं। उन्होंने बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों से मांग की है कि उक्त स्थान पर तीन बिजली के पोलों की आवश्यकता है। उक्त पोलों को लगवा दिया जाए तो मोहल्ले के लोगों की समस्याओं का समाधान हो जाएगा। उक्त संदर्भ में एसडीओ कौशलेंद्र सिंह ने बताया पोल लगवाए जा रहे हैं। शीघ्र ही समस्या का समाधान हो जाएगा।






