जालौन क्षेत्र में चाकू के दम पर घर में घुसे शातिरों ने दिया इस घटना को अंजाम,, मामले की जांच में जुटी पुलिस

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । घर में अकेली किशोरी को देखकर घर में घुसे दो युवक चाकू के दम पर घर में रखे सोने, ंचांदी के जेवर समेत लगभग 50000 रुपये नकद ले गए। किशोरी ने दो दिन बाद पिता को घटना की जानकारी दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अलाईपुरा निवासी सलमान उर्फ राजू ने पुलिस को बताया कि उनका घर गांव में एकांत में है। बीती 17 मार्च को वह खेत में फसल की कटाई करने गए थे। घर पर बेटी अकेली थी। घर में बेटी को अकेला देखकर गांव का ही एक युवक अपने साथी के साथ घर में घुस गया और चाकू की दम पर बेटी से घर में रखे जेवर व नकदी देने की बात कही। जेवर व नकदी न देने पर पिता और बेटी दोनों को मारने की धमकी दी। डरी हुई बेटी ने घर में रखे दो जोड़ी झुमके, दो मनचली, मंगलसूत्र, दो अंगूठी, दो कुंडल, पायल और बालचोटी समेत 48500 रुपये उन्हें दे दिए। बाद में वह किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देकर वहां से भाग गए। डरी सहमी बेटी ने कुछ नहीं बताया। दो दिन बाद जब उन्होंने अलमारी को देखा तो जेवर व रुपये गायब थे। जानकारी करने के बाद भी कुछ पता नहीं चला। अगले दिन बेटी ने डरते हुए घटना की जानकारी दी। जिसके बाद वह कोतवाली आए हैं। पीड़ित गृहस्वामी की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।