पत्रकारों के होली मिलन समारोह में एकजुट होकर काम करने का दिया संदेश

Orai / Jalaun news today । उरई नगर के राठ रोड स्थित शंकर बैंक्विट हॉल में जनपद के पत्रकारों का भव्य होली मिलन समारोह बड़े उत्साह और सौहार्द के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर पत्रकारों के बीच आपसी संवाद, सहयोग और पत्रकारिता के बदलते परिवेश पर एक विचार गोष्ठी का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के वरिष्ठ पत्रकार एवं स्तंभकार केपी सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान पत्रकारिता के वर्तमान स्वरूप, चुनौतियों और पत्रकारों की जिम्मेदारियों को लेकर खुलकर चर्चा की गई। मुख्य अतिथि केपी सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि आज के समय में पत्रकारों को नए-नए संगठन बनाने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि एकजुट होकर संगठित होने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चैथा स्तंभ हैं और उनकी जिम्मेदारी समाज के प्रति बेहद महत्वपूर्ण है। यदि पत्रकार आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होकर काम करेंगे तो उनकी आवाज और अधिक प्रभावशाली होगी तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में उनकी भूमिका और मजबूत होगी। कार्यक्रम को वरिष्ठ पत्रकार राकेश द्विवेदी, राजेश द्विवेदी, मान्यता प्राप्त पत्रकार सुधीर त्रिपाठी, देवेंद्र त्रिपाठी, सत्येन्द्र पस्तोर, सुनील शर्मा, सुधीर राणा, देवेन्द्र शुक्ला, अनुज कौशिक, रमेश पांचाल, संजय दुबे ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने पत्रकारिता के बदलते स्वरूप और आज के दौर में पत्रकारों के सामने आने वाली चुनौतियों पर अपने विचार व्यक्त किए। वरिष्ठ पत्रकारों ने अपने लंबे अनुभवों को साझा करते हुए युवा पत्रकारों को निष्पक्ष, निर्भीक और जिम्मेदार पत्रकारिता करने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम के संयोजक संजय गुप्ता ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य पत्रकारों के बीच आपसी संवाद, सहयोग और सौहार्द को बढ़ावा देना है। पत्रकार अरुण सिंह सेंगर ने कहा कि पत्रकारों के कार्यक्रम में अक्सर देखा जाता है कि नेता मंच पर बैठ जाते हैं और पत्रकारों को नीचे बैठना पड़ता है, जबकि पत्रकारों के कार्यक्रम में सिर्फ वरिष्ठ पत्रकार को ही मंच पर स्थान मिलना चाहिए। आज आयोजित यह कार्यक्रम पूरी तरह पत्रकारों का है। इस कार्यक्रम में मंच पर वरिष्ठ पत्रकारों को स्थान दिया गया ताकि वह अपने अनुभव और संघर्ष की कहानियां साझा कर सकें, जिससे युवा पत्रकारों को सीखने का अवसर मिले। बरिष्ठ पत्रकार सत्येन्द्र पस्तोर ने अपने अंदाज में छोटू चायवाले का जिक्र करते हुए कहा कि कलमकार को अपनी बात ऐसे रखना चाहिए कि बात भी लिख जाए और खुद पर इसका असर भी ना हो जैसे कि उनके द्वारा माधौगढ़ की खबर में आलुओं का जिक्र करते हुए अपनी बात रखी थी जिसका जिक्र लखनऊ तक के गलियारों में हुआ था। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार राकेश द्विवेदी ने अपने अनुभव शेयर करते हुए कहा कि आज की पत्रकारिता का दौर बहुत जटिल है जहां एक पत्रकार यदि किसी विभाग की पोल खोलता है तो वहीं दूसरा पत्रकार अपने को अधिकारी का करीबी बनने के चलते उस पत्रकार की बुराई अधिकारियों से करता है और अधिकारी इसका फायदा उठाने की पूरी कोशिश में रहते हैं, ऐसी स्थिति में पत्रकारिता का स्तर गिरता है जो बेहद गंभीर सवाल खड़े करता है, उन्होंने नवोदित पत्रकारों से स्वच्छ पत्रकारिता करने का संदेश दिया। पत्रकार अनुज कौशिक ने कहा कि पत्रकारिता ग्राउंड पर करना चाहिए ताकि आपको किसी भी तरह से परेशानी का सामना न करना पड़े, कयी साथी सोशल मीडिया से वीडियो या खबरें लेकर प्रसारित करते हैं जिससे उन्हें तमाम तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है इससे बचना होगा। कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना के साथ हुई, जिसके बाद दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। इसके बाद मंचासीन अतिथियों का विभिन्न पत्रकारों द्वारा फूलमालाओं और गुलाल लगाकर कर स्वागत और सम्मान किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों के बीच आपसी संवाद और भाईचारे का माहौल देखने को मिला। इस मौके पर वरिष्ठ पत्रकार केपी सिंह द्वारा प्रकाशित मासिक पत्रिका समय चक्र टाइम्स का विमोचन किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी पत्रकारों ने फूलों की होली खेलकर एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी सौहार्द का संदेश दिया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से अनिल शर्मा, संजय श्रीवास्तव, राकेश ठाकुर, आशुतोष शर्मा, अरुण सेंगर, वरुण द्विवेदी, अजय मिश्रा, कुलदीप गोस्वामी, शिवम शर्मा, कार्तिकेय गुबरेले, मुनव्वर अली, रमेश पांचाल, सुशील पांडेय, रामआसरे त्रिवेदी, विजय शंकर शुक्ला, कमलकांत द्विवेदी बाबा, शानू पत्रकार, उपेन्द्र गुर्जर, इरफान बाबा, मुबीन, पुरषोत्तम रिछारिया, हरिश्चंद्र तिवारी, रविकांत द्विवेदी, प्रमोद यादव, कृष्ण पाल सिंह, अखिलेश सोनी, संजय कुमार, गोपाल सोनी, मनीष सिंह जादौन, सुंदरम सोनी, कैलाश, शिवांशु सिंह, राजीव पोरवाल, राजकुमार गुप्ता, रॉकी पाण्डेय, अजीत उपाध्याय, दीपक उदैनियां, मनोज कुमार सैनी, राकेश व्यास, राकेश बाथम, शिवम् यादव, कपिल रावत, दीपक प्रजापति, तारिक अंसारी रानू, जी.एम. हुसैन अली, पुष्पेन्द्र गोस्वामी सहित जनपद के बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन कर रहे माधौगढ़ के वरिष्ठ पत्रकार प्रिंस द्विवेदी ने पत्रकारों को निर्भीकता से पत्रकारिता करने का संदेश दिया






