बिहार में तेजस्वी के नेतृत्व में बनेगी इंडिया गठबंधन की सरकार,,सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मीडिया से कही यह बात

Samajwadi party news today । समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव के साथ गाजीपुर के सैदपुर पहुंचकर विधायक अंकित भारती को शुभ विवाह की शुभकामनाएं दी। अखिलेश यादव और शिवपाल सिंह यादव ने अंकित भारती और उनके परिजनों, समर्थकों से मिलकर शादी की बधाई दी।
इस अवसर पर मीडिया से बात करते हुए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि बिहार की जनता बदलाव चाहती है। बिहार खुशहाली और तरक्की के रास्ते पर जाना चाहता है। बिहार में तेजस्वी यादव के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी। हम सभी लोग तेजस्वी यादव के साथ है और बिहार को आगे ले जाएंगे। विकास करेंगे। नौजवानों को रोजगार और नौकरी देंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने नीतीश कुमार के साथ षड्यंत्र किया है। बिहार की जनता, और सभी नेता जानते है कि भाजपा केवल चुनाव के लिए नीतीश कुमार का इस्तेमाल कर रही है। भाजपा धोखेबाज पार्टी है। भाजपा किसी की सगी नहीं है। उसने बिहार की जनता को धोखा दिया हैं। जनता इंडिया गठबंधन के साथ है।
श्री यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री और भाजपा सरकार की साख देश के साथ विदेश में भी खत्म हो चुकी है। अमेरिका के राष्ट्रपति हर रोज टिप्पणी कर रहे हैं। प्रधानमंत्री का माखौल उड़ा रहे हैं। अमेरिका टैरिफ लगाकर अपनी अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रहा है। वहीं केन्द्र सरकार चीन के साथ व्यापार बढ़ाकर हमारे देश की अर्थव्यवस्था को भारी नुकसान पहुंचा रही है। चीन ने हमारे बाजार पर कब्जा कर लिया है। भाजपा सरकार की गलत नीतियों ने देश की अर्थव्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। महंगाई, बेरोजगारी चरम पर पहुंच गयी है। किसानों को खाद, डीएपी नहीं मिल रही है। आखिर क्या कारण है कि किसान लाइनों में लगा है लेकिन खाद नहीं मिल रही है। धान की सरकारी खरीद नहीं हो रही है। बिचौलिए फसल की लूट कर रहे है। किसानों को धान की सही कीमत नहीं मिल रही है। समाजवादी सरकार में हमने एक्सप्रेस-वे के किनारे मंडियां बनायी थी लेकिन भाजपा सरकार ने मंडियों का काम रोक दिया। मंडियां बन गयीं होती तो किसानों को धान, गेहूं, आलू समेत सभी फसलों का सही मूल्य मिल जाता।
श्री यादव ने कहा कि 2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनते ही किसानों की मदद की जायेगी। मंडी बनायी जायेगी। साथ ही नौजवानों को नौकरी, रोजगार दिया जायेगा। फौज में पक्की भर्ती का इंतजाम करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा और मुख्यमंत्री जी जनता को भाषणों में उलझाये हुए हैं। उत्तर प्रदेश में निवेश नहीं आ रहा है। निवेश आन्ध्र प्रदेश और तेलांगाना, तमिलनाडु समेत दक्षिण भाजपा के राज्यों में जा रहा है। भाजपा झगड़ा लगाने वाली पार्टी है। समाज को धर्म और जाति में लड़ाने का काम करती हैं। अब तो भाजपा के इंजन खुद ही एक दूसरे से टकरा रहे हैं।
मतदाता सूची के एसआईआर को लेकर श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा एसआईआर में घोटाला करना चाहती है। उत्तर प्रदेश में कहीं भी बीएलओ पीडीए के नहीं हैं। उत्तर प्रदेश में पीडीए मतदाताओं की संख्या सबसे ज्यादा है लेकिन उनके बीएलओ नहीं हैं। भाजपा सरकार ने जाति-धर्म के आधार पर भेदभाव करके बीएलओ बनाए हैं। चुनाव में अधिकारियों की पोस्टिंग में भेदभाव होता है। भाजपा पीडीए से घबराकर तमाम तरह का षडयंत्र कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा कुछ भी कर ले पीडीए का मुकाबला नहीं कर पायेगीं इस सरकार से पीड़ित, दुःखी अपमानित लोग भाजपा की सत्ता उखाड़ फेंकेंगे। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन ने लोकसभा के अंदर और बिहार समेत अन्य जगहों पर एसआईआर मे घपले के खिलाफ आवाज उठायी। सुप्रीमकोर्ट भी साथ आया जिससे एसआईआर की प्रक्रिया में थोड़ा सुधार आया है।
उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से खेती की लागत बढ़ गयी है। खाद, बीज, बिजली, मजदूरी सब कुछ बढ़ गयी है। लेकिन महंगाई के हिसाब से गन्ने का मूल्य नहीं बढ़ाया है। नया पेराई सत्र आ गया है लेकिन चीनी मिलों पर अभी पिछली पेराई का बकाया है। किसान परेशान है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार खेती से जुड़ी चीजों का दाम बढ़ाकर किसानों की जेब काट रही है। पिछले कई सालों से गन्ने का मूल्य नहीं बढ़ा। गन्ने का जो मूल्य बढ़ाया गया है वह महंगाई और लागत मूल्य के हिसाब से नाकाफी है।