रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन क्षेत्र में राजस्थान से ट्रैक्टर चोरी कर बेचने के लिए ले जा रहे दो युवकों को चौकी पुलिस ने ट्रैक्टर व ट्रॉली समेत पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक तमंचा भी बरामद किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया।
कोतवाली प्रभारी वीरेंद्र पटेल को सूचना मिली कि दो युवक राजस्थान से ट्रैक्टर व ट्रॉली चोरी करके लाए हैं और उसे बेचने के लिए राठ लेकर जाने वाले हैंु। सूचना मिलते ही उन्होंने चौकी प्रभारी जितेंद्र सिंह को छहपुला के पास भेजा। पुलिस ने वहां नाकाबंदी कर दी। रात लगभग साढ़े आठ बजे बंगरा की ओर से एक लाल रंग का ट्रैक्टर ट्रॉली समेत आता दिखा। पुलिस ने ट्रैक्टर को रोककर उस पर बैठे चालक दीपू पुत्र मुन्ना निवासी ग्राम ऊमरी थाना रेंढ़र व प्रदुम्न पुत्र भागीरथ निवासी कुसमरा थाना रेंढ़र से जब कागजात मांगे तो वह नहीं दिखा सका। तलाशी लेने पर पुलिस ने उनके पास से एक तमंचा व दो कारतूस समेत दो मोबाइल बरामद किए। ट्रैक्टर में कोई नंबर भी नहीं थे। पुलिस ने जब सख्ती से पूछतांछ की तो उन्होंने बताया कि वह राजस्थान के कोटा में रंजीत सिंह निवासी हिंगोनिया थाना कापरेन जिला बूंदी राजस्थान के यहां ट्रैक्टर चलाता था। चार पांच दिन पूर्व वह ट्रैक्टर स्वामी को बिना बताए चोरी करके ट्रैक्टर व ट्रॉली को लाया था। पकड़े जाने के डर से उसने ट्रैक्टर की नंबर प्लेट भी हटा दी अब वह उसे बेचने के लिए राठ ले जा रहा था। तभी उन्हें रास्ते में पकड़ लिया गया। पुलिस ने ट्रैक्टर व ट्राली को कोतवाली में खड़ा कराकर दोनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया है।






