जालौन एसडीएम ने किया उच्च प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण,,जारी किए ये निर्देश

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन एसडीएम व एसडीएम न्यायिक ने संयुक्त रूप से उच्च प्राथमिक विद्यालय भिटारा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पंजीकृत 26 बच्चों में सिर्फ नौ बच्चे उपस्थित मिले और शिक्षिका मोबाइल चलाते मिली। वहीं, निरीक्षण के दौरान कमरों में अंधेरा होने के बाद भी खिड़की नहीं खोली गई थी। जिसके चलते लाइट जलाकर निरीक्षण किया गया। एसडीएम ने व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताते हुए दायित्वों को ईमानदारी से पालन करने के निर्देश दिए।
एसडीएम रिंकू सिंह राही एवं एसडीएम न्यायिक विश्वेश्वर सिंह द्वारा संयुक्त रूप से खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय के पास संचालित उच्च प्राथमिक विद्यालय भिटारा का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान साफ सफाई की स्थिति अच्छी नहीं मिली और शौचालय भी गंदे पाए गए साथ ही कमरों में अंधेरा होने के बाद भी खिड़ी को बंद रखा गया था। जिसके चलते लाइट जलाकर निरीक्षण किया गया। उन्होंने अध्यापकों को खिड़की खोलने और शौचालय की सफाई करने के लिए निर्देशित किया। विद्यालय में पंजीकृत 26 बच्चों में मात्र नौ उपस्थित मिले। बच्चों की कम उपस्थिति और शिक्षण कार्य के दौरान शिक्षिका शगुफ्ता के मोबाइल चलाते हुए मिलने पर एसडीएम ने कड़ी नाराजगी जाहिर की और उपस्थिति बढ़ाने के निर्देश दिए। शिक्षण कार्य में शिक्षक पवन द्वारा शब्दार्थ पढ़ाया जाना बताया गया, जबकि विद्यार्थियों की कॉपियों में प्राकृतिक संसाधन संबंधित विषयवस्तु पाई गई। शिक्षिका शगुफ्ता द्वारा पर्यावरण विषय पढ़ाया जाना बताया गया, जबकि विद्यार्थियों की कॉपियों में पदार्थ विषय से संबंधित सामग्री अंकित पाई गई। स्कूल में स्मार्ट टीवी लगी होने के बाद भी उसका उपयोग न करने पर एसडीएम ने नाराजगी जताई और स्मार्ट टीवी का उपयोग कर क्लास पढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने बीईओ को विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, छात्र उपस्थिति, स्वच्छता, अनुशासन एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया।