एस एम अरशद
UP T 20 news today l मैन ऑफ द मैच कप्तान करन शर्मा की 48 गेंदों पर 92 रन की तूफानी पारी के दम पर गत विजेता काशी रुद्रास ने यूपी टी-20 लीग मुकाबले में लगातार दूसरी जीत दर्ज की।
भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में मंगलवार को खेले गए मैच में काशी रुद्रास ने गौर गोरखपुर लायंस को 15 रन से शिकस्त दी।
करन शर्मा ने दबाव के बीच शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपनी टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने के साथ जीत की नींव रखी।
मैच की औपचारिक शुरुआत उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने टॉस कराकर और पारंपरिक ढंग से घंटा बजाने की रस्म के साथ की।
इस अवसर पर यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर, उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की मीडिया कमेटी के चेयरमैन मोहम्मद फहीम, यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह, आयोजन समिति के सदस्य अजीज अहमद खान, मोहनलाल अग्रवाल, फैसल शेरवानी, पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज प्रवीण कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इस अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि उत्तर प्रदेश में क्रिकेट को लेकर जिस तरह का उत्साह देखने को मिल रहा है, वह प्रदेश की खेल प्रतिभाओं के लिए सकारात्मक संकेत है। उन्होंने कहा कि यूपी टी-20 लीग जैसे मंच युवा खिलाड़ियों को अपनी क्षमता साबित करने और आगे बढ़ने का अवसर दे रहे हैं।
गौर गोरखपुर लायंस के कप्तान आर्यन जुयाल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। काशी रुद्रास ने 50 रन की शुरुआती साझेदारी के साथ पारी की अच्छी शुरुआत की। साहब युवराज सिंह ने 25 गेंदों पर 41 रन बनाकर टीम को तेज शुरुआत दिलाई। हालांकि, निशांत ठाकुर ने एक ही ओवर में दो विकेट झटककर काशी की पारी पर दबाव बना दिया। इसके बाद मध्यक्रम लड़खड़ा गया और 10वें ओवर तक काशी रुद्रास का स्कोर 88 रन पर पांच विकेट हो गया।
ऐसे हालात में कप्तान करन शर्मा ने मोर्चा संभालते हुए आक्रामक बल्लेबाजी की। टीम ने अंतिम चार ओवरों में 76 रन जोड़ते हुए विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। फील्डिंग की कुछ चूकों और नो-बॉल का भी फायदा उठाते हुए करन ने अपनी नाबाद 92 रन की पारी में चार चौके और नौ छक्के लगाए, जिससे काशी रुद्रास ने 20 ओवर में छह विकेट पर 194 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।

इस शानदार पारी के साथ करन शर्मा ने लीग की ऑरेंज कैप भी अपने नाम कर ली। तीन मैचों में उनके नाम अब 161 रन हो गए हैं।
लक्ष्य का पीछा करते हुए गौर गोरखपुर लायंस ने 20 ओवर में सात विकेट पर 179 रन बनाए। टीम ने पहली ही गेंद पर अभय प्रताप सिंह के छक्के के साथ शानदार शुरुआत की। हालांकि यह लय ज्यादा देर कायम नहीं रह सकी।
दूसरे ओवर में वैभव चौधरी ने कप्तान आर्यन जुयाल को आउट कर काशी को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद दोनों हाथों से गेंदबाजी करने वाले स्पिनर विजय यादव ने अभय प्रताप सिंह और शिवम चौधरी को आउट कर लायंस को 50 रन पर तीन विकेट के दबाव में ला दिया।
इसके बाद सिद्धार्थ यादव और प्रिंस यादव ने पारी को संभालने की कोशिश की और दोनों के बीच 55 रन की साझेदारी हुई। काशी के कप्तान करन शर्मा ने खुद गेंदबाजी का जिम्मा संभाला और आते ही प्रिंस यादव को पवेलियन भेज दिया। कुछ ही देर बाद वैभव चौधरी ने अपना दूसरा विकेट हासिल करते हुए सिद्धार्थ यादव को आउट कर दिया।
गोरखपुर ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए। हालांकि आखिरी ओवरों में बल्लेबाजों ने कुछ शानदार चौके-छक्के लगाकर मुकाबले में वापसी की कोशिश की, लेकिन लक्ष्य तक नहीं पहुंच सके।
इस हार के साथ गौर गोरखपुर लायंस को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा, जबकि काशी रुद्रास ने तीन मैचों में अपनी दूसरी जीत दर्ज की।





