Mirzapur news today : उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जनपद से शनिवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां कटरा कोतवाली थाना क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक पर निकले एक वकील की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई. दिनदहाड़े हुई इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी वायरल हो रहा है। इस घटना से पूरे शहर में हड़कंप मच गया है. फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी है. जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान अधिवक्ता राजीव सिंह के रूप में हुई है. वह रोज की तरह सुबह टहलने के लिए निकले थे. इसी दौरान एक बाइक सवार बदमाश उनके पास पहुंचा और बेहद करीब से देसी तमंचे से गोली मार दी। गोली लगते ही राजीव सिंह मौके पर ही गिर पड़े और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

इस पूरी वारदात का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी को घटना को अंजाम देते हुए देखा जा सकता है. फुटेज में दिख रहा है कि हमलावर पहले से घात लगाए था. वह बाइक से उतरा और बेहद नजदीक जाकर वकील को गोली मार दी. तब तक दूसरा आरोपी बाइक पर बैठा रहा. वकील को गोली मारने के बाद वह बाइक के पास पहुंचा, कुछ देर तक बाइक स्टार्ट नहीं हुई. जब बाइक स्टार्ट हुई, तब तक कुछ लोग भी वहां आ चुके थे, इसी बीच वह मौके से फरार हो गया. दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने इलाके में दहशत फैला दी है. स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई. वहीं इस वारदात को लेकर वकीलों में आक्रोश देखने को मिल रहा है. वारदात के बारे में सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है. CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
एसपी ने मीडिया से बताई यह बात

मिर्जापुर के कटरा कोतवाली क्षेत्र में हुई इस सनसनीखेज वारदात की सूचना पाकर मौके पर पहुंची एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने मीडिया से जानकारी साझा करते हुए बताया कि आज प्रातः एक सूचना प्राप्त हुई की देवरी गांव की प्रधान के पति को गोली लगी है उनको अस्पताल ले जाते समय उनकी मृत्यु हो गई है। उन्होंने कहा कि सूचना मिलने के तुरंत बाद ही टीम मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू की गई जो व्यक्ति जिसने इस घटना को अंजाम दिया है उसकी पहचान हो गई है वह भी उसी गांव का रहने वाला है और उसकी तलाश के लिए टीमें लगातार जुटी हुई है उन्होंने बताया कि मृतक और आरोपी एक ही गांव के रहने वाले हैं और दोनों में विवाद बताया जा रहा है । फिलहाल टीमें आरोपी की तलाश के लिए जुटी हुई है।






