निगोहां में एसटीएफ और पुलिस की बड़ी कार्रवाई, डीसीएम से 775 किलो अवैध गांजा बरामद…….

एक तस्कर गिरफ्तार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई……

रिपोर्ट मुकेश मिश्रा

मोहनलालगंज।लखनऊ। एसटीएफ लखनऊ टीम और निगोहां पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बुधवार देर रात मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी। पुलिस ने घेराबंदी कर एक डीसीएम वाहन से करीब 775 किलो अवैध गांजा बरामद किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत लगभग एक करोड़ रुपये आंकी जा रही है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया, जबकि गिरोह के अन्य सदस्य फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही है।पुलिस के अनुसार एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि ओडिशा से बड़ी मात्रा में गांजा लाकर लखनऊ समेत आसपास के जिलों में सप्लाई किया जाना है। इस सूचना के आधार पर एसटीएफ और निगोहां पुलिस ने बुधवार रात नगराम मोड़ के आगे चेकिंग अभियान चलाया और संदिग्ध वाहनों की सघन निगरानी शुरू की।इसी दौरान डीसीएम वाहन संख्या UP71AT3380 वहां पहुंचा। पुलिस ने वाहन को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने वाहन को तेजी से भगाने की कोशिश की। पुलिस टीम ने तुरंत पीछा किया और आगे क्रॉसिंग के पास डिवाइडर के निकट अपनी जीप लगाकर डीसीएम को घेरकर रोक लिया। इसके बाद वाहन की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान वाहन में रखी 31 बोरियों में 775 पैकेट मिले, जिनमें करीब 775 किलो गांजा भरा हुआ था। मौके से पुलिस ने फतेहपुर जिले के रहने वाले कौशल कुमार (22) को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से दो मोबाइल फोन और 210 रुपये नकद भी बरामद किए गए।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि यह गांजे की खेप ओडिशा से लाकर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में सप्लाई की जानी थी। पुलिस के मुताबिक यह माल नगराम क्षेत्र में रहने वाले मयंक गुप्ता के पास पहुंचाया जाना था, जहां से इसे अलग-अलग स्थानों पर सप्लाई किया जाता।

31 बोरियों में छिपाकर लाया जा रहा था 775 किलो गांजा…..

पुलिस द्वारा डीसीएम की तलाशी लेने पर उसमें रखी 31 बोरियों में कुल 775 पैकेट बरामद हुए। प्रत्येक पैकेट में गांजा भरा हुआ था। कुल मिलाकर लगभग 775 किलो अवैध गांजा जब्त किया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है।गिरोह के कई सदस्य फरार, पुलिस कर रही छापेमारीपुलिस के अनुसार इस तस्करी में समरजीत उर्फ सोनू गुप्ता, मयंक कुमार गुप्ता, रविंद्र जायसवाल उर्फ रविंद्र और सैय्यद दावर अलवी समेत कई अन्य लोग शामिल हैं। पुलिस ने इनके खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
निगोहां थाना प्रभारी अनुज तिवारी ने बताया कि एसटीएफ के इनपुट के आधार पर यह कार्रवाई की गई, जिसमें बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ है। मामले में गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही गिरोह के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।