मानसिक रूप से बीमार महिला ने लगाई आग ,,

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन नगर में मानसिक रूप से बीमार महिला ने रात में ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। परिजन जब तक आग बुझाने का प्रयास करते तब तक महिला की मौत हो चुकी थी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला भवानीराम निवासी कुसुमलता (56) पत्नी महेंद्र रविवार की शाम घर से बाहर निकल गई थी। रात में पति उसे घर लाए। जिसके बाद परिवार के सदस्य रात में सो गए। रात करीब साढ़े तीन बजे कुसुमलता ने स्वयं पर ज्वलनशील पदार्थ डाल लिया और आग लगा ली। आग लगते ही वह जोर जोर से चिल्लाने लगी। उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजनों की नींद खुल गई आसपास के लोग भी रात में जोर की चीखें सुनकर बाहर निकल आए। वहां मौजूद लोगों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया। लेकिन जब तक आग पर काबू पाया जाता तब तक महिला की मौत हो चुकी थी। वहां मौजूद लोगों ने इसकी जानकारी कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने जब घटना को लेकर जानकारी ली तो पति महेंद्र प्रताप सिंह ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर बताया कि उसकी पत्नी की मानसिक स्थिति खराब चल रही थी। उसका ग्वालियर में इलाज चल रहा था। कई बार वह घर से बाहर निकल जाती थी। खोजने के बाद उसे वापस लाया जाता था। रात में भी सब ठीक ही था। अचानक उसने स्वयं को आग लगा ली। जिससे उसकी मौत हो गई। बता दें, महिला के दो पुत्र आशीष व सत्यम महिला के साथ ही रहते थे। जबकि दोनों बेटियों प्रीति और आरती की शादी हो चुकी है। इस बाबत कोतवाल अजीत सिंह ने बताया कि पति ने महिला के मानसिक रूप से बीमार होने और उसका इलाज चलने की लिखित जानकारी दी है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment