रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन ब्लॉक कार्यालय में काम कर रहे मनरेगा कर्मचारियों को बीते नौ माह से मानदेय न मिलने के चलते मनरेगा कर्मचारी सोमवार को नवागंतुक बीडीओ से मिले। बीडीओ ने जल्द ही उनका मानदेय दिलाने का आश्वासन दिया है।
ब्लॉक कार्यालय में काम कर रहे ग्राम रोजगार सेवक, कम्प्यूटर ऑपरेटर, तकनीकी सहायक एवं अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारियों को जुलाई 2025 से मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है। जिसको लेकर बीती नौ मार्च को मनरेगा कर्मचारी प्रकाश बाबू, महावीर शरण, हिम्मत सिंह, इंद्रपाल सिहं, महेंद्र पाल, कमल किशोर, पवन तिवारी, बुद्ध सिंह, प्रवीन, दिव्या, अनिल, गनेश, शिवकुमार, मोहित आदि ने डीएम को संबोधित ज्ञापन तत्कालीन बीडीओ अरूण कुमार को ज्ञापन सौंपा था। सोमवार को मनरेगा कर्मचारी नवागंतुक बीडीओ प्रशांत कुमार से मिले। उन्होंने बीडीओ को बताया कि बीते नौ महीनों में प्रमुख पर्व दशहरा, दीपावाली, होली, नवरात्रि के अलावा वैवाहिक तिथियां भी निकल गई है। शादी और पर्व पर घरों में अधिक खर्च होता है। इसके बाद भी उन्हें बीते नौ माह से मानदेय का भुगदान नहीं किया गया है। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने देश के 12 प्रदेशों में उत्तर प्रदेश में सर्वाधिक मानव दिवस सृजित करने पर प्रशंसा की थी। सर्वाधिक मानव सृजन में सहयोग करने वाले कर्मचारियों को मानदेय तक नहीं मिल पा रहा है। यह संविधान के अनुच्छेद 21 में वर्णित जीवन के अधिकार का उल्लंघन है। मानदेय का नौ माह से भुगतान न होने के कारण उनके परिवार भुखमरी की कगार पर पहुंच गए हैं। कर्मचारियों ने उनके लंबित नौ माह के मानदेय का भुगतान कराने की मांग बीडीओ से की है। वहीं, मनरेगा कर्मचारियों को बीडीओ ने आश्वासन दिया है उनका डोंगल शुरू होने के साथ ही उनके बकाया मानदेय का भुगतान करा दिया जाएगा।






