लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के दुबग्गा थाना क्षेत्र के बेगरिया गांव में रहने वाले केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री कौशल किशोर के चचेरे भतीजे ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना पाकर पहुंची पुलिस विधिक कार्रवाई में जुट गई है।
मिली जानकारी अनुसार लखनऊ के मोहनलालगंज से सांसद व केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर के चचेरे भतीजे नंदकिशोर रावत (45) पुत्र मोहन रावत ने कमरे के अंदर पंखे के सहारे चादर का फंदा बनाकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी सुबह तब हुई जब परिजनों ने उसे लटकता देखा तो वहां हड़कंप मच गया। इस बात की जानकारी परिजनों द्वारा पुलिस को दी गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है। आत्महत्या के कारणों का भी पता नहीं चल पाया है। वही मिली जानकारी अनुसार नंदकिशोर प्रॉपर्टी डीलिंग का कार्य करते थे। फिलहाल पुलिस हर पहलू की जांच करने में जुटी है।




