मुंबई भागने की फिराक में था आरोपित……
रिपोर्ट मुकेश मिश्रा

Lucknow news today। लखनऊ में निगोहां थाना क्षेत्र के शेखनखेड़ा गांव में घरेलू विवाद के चलते पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या करने वाले आरोपित पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया था और मुंबई भागने की तैयारी में था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर उसे पकड़कर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।पुलिस के अनुसार शेखनखेड़ा मजरा उतरांवां में रविवार रात घरेलू विवाद के दौरान राजेश रावत ने अपनी पत्नी राजेश्वरी (45) के सिर पर कुल्हाड़ी से कई वार कर उसकी हत्या कर दी थी। मृतका के बेटे गुलशन कुमार की तहरीर के आधार पर निगोहां थाने में आरोपी पति राजेश रावत के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की थीं। मंगलवार को मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने ग्राम पतौना से अकन्ताखेड़ा जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह मूल रूप से नगराम थाना क्षेत्र के अकहरदू गांव का रहने वाला है। करीब दो वर्ष पहले उसने अपनी पैतृक संपत्ति बेचकर ससुराल शेखनखेड़ा में जमीन खरीद ली थी और वहीं मकान बनाकर परिवार के साथ रहने लगा था। पुलिस के अनुसार आरोपी शराब पीने का आदी है और वह कुछ जमीन भी बेच चुका था।आरोपी की पत्नी राजेश्वरी उसके शराब पीने और जमीन बेचने का विरोध करती थी, जिसको लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। घटना वाले दिन बच्चे गांव में एक निमंत्रण में गए हुए थे। इसी दौरान आरोपी शराब के नशे में घर पहुंचा और पत्नी से कहासुनी होने लगी। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर आरोपी ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाकर पत्नी के सिर पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।हत्या करने के बाद आरोपी मोटरसाइकिल से फरार हो गया और रास्ते में अकन्ताखेड़ा से पालखेड़ा जाने वाले कच्चे रास्ते पर कीकर के जंगल में हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी छिपा दी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उक्त कुल्हाड़ी बरामद कर ली है।पुलिस के मुताबिक आरोपी अपनी बहन सविता के घर पैसे लेने आया था, जहां से वह मुंबई भागने की योजना बना रहा था। इसी दौरान पुलिस ने उसे दबोच लिया।






