(रिपोर्ट – बबलू सेंगर)

Jalaun news today । किसानों की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान संघ ने एसडीएम को सम्बोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपकर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की है।
भारतीय किसान संघ की एक बैठक ब्लॉक अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह गुर्जर की अध्यक्षता कानपुर प्रांत अध्यक्ष साहब सिंह चौहान के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुई। जिसमें किसानों ने खाद की अधिक दामों पर बिक्री, अन्ना जानवरों की समस्या व सिंचाई के लिए पानी के मुद्दे उठाए। इस समस्याओं के निराकरण के लिए पदाधिकारियों समेत किसानों ने एसडीएम को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार गौरव कुमार को सौंपकर बताया कि प्राइवेट खाद विक्रेता सरकार द्वारा खाद के लिए घोषित किए गए मूल्य से अधिक दामों पर खाद की बिक्री कर रहे हैं। न तो स्टॉक बोर्ड पर रेट अंकित रहते हैं और न ही स्टॉक की कोई सूचना चस्पा होती है। खाद क्रय करने की रसीद भी नहीं दी जाती है। जिससे किसान परेशान हैं। उन्होंने मामले की जांच कराकर रेट सूची और स्टॉक बोर्ड पर चस्पा कराने की मांग की है। बताया कि गांवों में अन्ना जानवर फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इससे किसानों को आर्थिक हानि पहुंच रही है। इसके लिए गोशालाओं में व्यवस्थाएं दुरूस्त कराई जाएं और अन्ना जानवरों को गोशालाओं में पहुंचाया जाए। गोशाला में बंद जानवरों का हुलिया भी अंकित किया जाए ताकि फर्जीवाड़ा न हो सके। इसके अलावा इस समय हरी मटर कर सीजन चल रहा है। पिछले वर्ष मंडी में काफी अव्यवस्थाएं रहीं। किसानों से मटर की दो से पांच किलो प्रति क्विंटल अधिक तौल की गई। जिसका भुगतान किसानों को नहीं दिया गया। इसके अलावा भुगतान में भी दो फीसदी की कटौती की गई थी। इस बार ऐसा न हो इसके निर्देश व्यापारियों को अभी से दिए जाएं ताकि आगे कोई समस्या न हो। इस मौके पर जिलाध्यक्ष अरूण कुमार सक्सेना, आनंद द्विवेदी, सत्यनारायण पाठक, उमेशचंद्र दीक्षित, सुरेश कुशवाहा, दयाशंकर जाटव, गोपालजी मिश्र, रामबहादुर सिंह, प्रदुम्न पाठक, संतोष कुमार, जितेंद्र गुर्जर, गिरजाशंकर, रामसिया आदि मौजूद रहे।





