(भवानी सैनी की रिपोर्ट)
बेहट(सहारनपुर) तहसील बेहट सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 42 शिकायतें दर्ज की गई। जिनमे से 6 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। एडीएम ई ने बाकी शिकायतों के शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।
शनिवार को बेहट तहसील मुख्यालय पर आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस पर एडीएम ई अर्चना द्विवेदी ने फरियादियों की समस्याएं सुनी। इस दौरान कुल 42 शिकायतें दर्ज की गई। जिनमे मुख्य रूप से जगन सिंह निवासी खिड़का जुनारदार ने शिकायत की कि खनन से भरे ट्रकों से भारी धूल उड़ती है। जो बाइक चालको की आंखों में गिरती है। जिससे हादसे होने का भय बना रहता हैं। उन्होंने खनिज से भरे वाहनों पर तिरपाल ढक कर ले जाने की मांग की। मुस्तफा निवासी लतीफपुर ने निरस्त हुए पट्टे को दोबारा आवंटित करने की मांग की। इसके अलावा सनवर निवासी जोधेबांस ने कुछ लोगो पर भूमि पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया। थापुल इस्माइलपुर के इरफान ने भी अपनी भूमि से अवैध कब्जा हटवाने की मांग की। कस्बागढ़ की सुनेश देवी ने विद्युत बिल ठीक कराने की मांग की। मांझीपुर निवासी पिंकू ने ग्राम प्रधान व ग्राम सचिव पर मनरेगा में 20–25 मजदूर फर्जी तरीके से दर्शाने का आरोप लगाया। आरोप है कि ग्राम प्रधान व सचिव इनके नाम की मजदूरी का पैसा हड़प रहे है। उन्होंने जांच कर कारवाई की मांग की। एडीएम ई ने संबंधित विभागों को शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। इस मौके पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रणता ऐश्वर्य, तहसीलदार प्रकाश सिंह आदि संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।