स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आवास आयुक्त अनिल ढींगरा ने परिषद मुख्यालय पर किया ध्वजारोहण,किया अधीनस्थों से ये आह्वान

Lucknow news today। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद के नव नियुक्त आवास आयुक्त अनिल ढींगरा ने परिषद मुख्यालय में ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के उपरांत राष्ट्रगान का गायन किया गया।
इस अवसर पर आवास आयुक्त अनिल ढींगरा ने परिषद के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले अमर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और संघर्ष से हमें सदैव प्रेरणा लेनी चाहिए।

अधिकारियों व कर्मचारियों से किया आह्वान

इस अवसर पर आयुक्त श्री ढींगरा ने परिषद के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन अनुशासन, निष्ठा, पारदर्शिता एवं पूर्ण समर्पण के साथ करें तथा जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए परिषद की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने में अपना योगदान दें। आवास आयुक्त ने कहा कि परिषद प्रदेश के नागरिकों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा सुनियोजित एवं सुरक्षित आवासीय विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को टीम भावना के साथ कार्य करते हुए परिषद के उद्देश्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

ध्वजारोहण कार्यक्रम में परिषद मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारीगण, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।