रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । चैत्र नवरात्र के छठे दिन नगर व ग्रामीण क्षेत्र के दुर्गा मंदिर में मां के कात्यायनी स्वरूप की पूजा अर्चना की गई। भक्तों ने मां की पूजा अर्चना कर संतान प्राप्ति के साथ समृद्धि की कामना की। साथ ही भक्तों ने घरों में कन्या भोज कराया।
चैत्र नवरात्र के छटे दिन नगर के प्राचीन व प्रमुख देवी मंदिरों में भक्तों की भीड़ रही। सुबह से महिलाएं हाथों में रोली, चावल, जल के लोटा के साथ फूल व प्रसाद लेकर मंदिर पहुंचने लगी। ब्रह्म मुहूर्त से शुरू हुई भक्तों की भीड़ दोपहर तक लगी रही। शाम को भी मंदिरों के पट खुलते ही पूजा अर्चना शुरु हो गई। नगर के प्रमुख देवी मंदिर छोटी व बड़ी माता मंदिर, पहाड़पुरा में कामाक्षी देवी मंदिर में भक्तों की भीड़ लगी रही और प्रसाद वितरण किया गया। पंडित अरविंद बाजपेई ने बताया कि पौराणिक कथा के अनुसार, प्राचीन समय में महर्षि कात्यायन ने संतान प्राप्ति के लिए मां भगवती की तपस्या की। उनकी तपस्या से मां भगवती ने प्रसन्न होकर महर्षि कात्यायन को दर्शन दिए। इस दौरान महर्षि ने उनके सामने अपनी इच्छा प्रकट की। इसपर उन्होंने महर्षि को वचन दिया कि वह उनके घर उनकी पुत्री के रूप में जन्म लेंगी। ग्राम अकोढ़ी दुबे में संजीव कुमार द्विवेदी ने गांव की कन्याओं का भोज कराया। माता के मंदिरों में प्रसाद के रूप में खीर व हलुआ का वितरण कराया गया। संकटमोचन हनुमान मंदिर में मां दुर्गा का अभिषेक कराया गया।






