(रिपोर्ट – बबलू सेंगर)
Jalaun news today । इस समय दाल व प्याज के दामों में बेतहाशा वृद्धि हो गई है। एक ओर जहां लोगों के खाने से सलाद से प्याज गायब हो गई तो दूसरी ओर दालों के दामों में इजाफे से खाने की थाली में हरी सब्जियां अधिक दिख रही हैं।
भारतीयों की थाली का का मुख्य भोजन दाल रोटी व सलाद है। बढ़ती महंगाई के चलते आम जनता को दाल रोटी खाना भी मुश्किल हो गया है। दालों के आसमान छूती कीमतों के कारण दाल मध्यम व निर्धन परिवारों की थाली से गायब होने लगी है। दाल को प्रोटीन का मुख्य स्रोत माना जाता है। उधर, लगभग सब्जियों के साथ ही सलाद में भी प्याज का प्रमुख रूप से प्रयोग किया जाता है। लेकिन लगभग एक पखवारे पूर्व तक 20 रुपये प्रतिकिलो में बिकने वाला प्याज इस समय 60 से 70 रुपये प्रतिकिलो तक बिक रहा है। प्याज में तेजी का असर यह हुआ है कि लोगों सलाद में प्याज डालना कम कर दिया है अथवा बंद ही कर दिया है। इसी तरह होटलों में भी खाने के साथ मिलने वाला प्याज बंद हो गया है। प्याज की जगह होटलों में मूली दी जा रही है। एक ओर जहां प्याज पर मंहगाई की मार है तो भोजन की थाली से दालें भी गायब होती नजर आ रही हैं। इस समय बाजार में अरहर की दाल 130 से 170 रुपये प्रति किग्रा, मूंग की दाल 120 से 140 रुपसे प्रति किग्रा उड़द की दाल 120 से 140 रुपये प्रति किग्रा के हिसाब से बिक रही है। दाल और प्याज के बढ़ते दामों ने लोगों के घरों का बजट गड़बड़ा दिया है। त्योहारी सीजन में मंहगाई से लोग परेशान नजर आ रहे हैं।






