रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन क्षेत्र में शनिवार की सुबह ट्रांसफार्मर में खराबी आने से आधे नगर की बिजली आपूर्ति करीब सात घंटे तक ठप रही। बिजली आपूर्ति ठप रहने के कारण नगर के लोग परेशान हुए।
दीपावली का त्योहार जैसे जैसे नजदीक आ रहा है। वैसे वैसे नगर की बिजली आपूर्ति चरमरा रही है। दिन प्रतिदिन बिजली आपूर्ति लड़खड़ाती जा रही है। त्योहार के पूर्व लगातार तीन दिन से बिजली आपूर्ति ध्वस्त होने से नगर के लोगों में रोष है। शनिवार की सुबह छौलापुर मोड़ पर रखे 400 केवी के ट्रांसफार्मर में अचानक खराबी आ गई। ट्रांसफार्मर में आई खराबी को पहले ठीक करने का प्रयास किया गया। चार घंटे के प्रयास के बाद भी ट्रांसफार्मर की खराबी ठीक नही हो सकी। ट्रांसफार्मर ठीक न होने पर उसे बदलने का काम काम शुरू हुआ। 400 केवीए का नया ट्रांसफार्मर लगाया तो वह भी लोड नहीं सह सका। ओवरलोड की समस्या के समाधान के लिए एक 250 केवीए का ट्रांसफार्मर और लगाना पड़ा। ट्रांसफार्मर ठीक करने व बदलने में सात घंटे का समय लग गया। नगर के दो फीडर बालाजी व बैठगंज फीडर सात घंटे बंद रहे जिससे आधे नगर की बिजली आपूर्ति ठप्प रही। बिजली आपूर्ति ठप्प रहने के कारण उपभोक्ताओं के इंवर्टर भी डिस्चार्ज हो गए। दोपहर तक बिजली पानी आपूर्ति ठप रहने से नगरवासी परेशान हो गए। नगर के दीपक शर्मा, प्रदुम्न दीक्षित, मनोज कुमार, मनीष, सुनील आदि ने डीएम से बिजली आपूर्ति दुरूस्त कराने की मांग की है।





