रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 28 निर्दाेष भारतीयों की नृशंस हत्या से नगरवासियों में शोक और आक्रोश का माहौल है। इस हृदयविदारक घटना के विरोध में गुरुवार की शाम नगर स्थित द्वारिकाधीश मंदिर प्रांगण में भारत विकास परिषद के तत्वावधान में एक प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। इस सभा में दिवंगतों की आत्मा की शांति और शोकग्रस्त परिवारों को धैर्य प्रदान करने हेतु ईश्वर से सामूहिक प्रार्थना की गई।

सभा की शुरुआत दो मिनट के मौन व्रत के साथ हुई, जिसमें उपस्थित जनसमूह ने गहरी संवेदना प्रकट की। इस दौरान मंदिर परिसर में लोगों ने मोमबत्तियां जलाकर आतंकवाद के खिलाफ एकजुटता का संदेश दिया। सभा में मौजूद लोगों ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए केंद्र सरकार से मांग की कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए प्रभावी रणनीति तैयार की जाए। पवन अग्रवाल ने कहा, कि पहलगाम में जो अमानवीय कृत्य हुआ, वह सम्पूर्ण देश की आत्मा को झकझोर देने वाला है। यह सिर्फ उन 28 परिवारों की नहीं, बल्कि पूरे भारतवर्ष की क्षति है। हमें मिलकर आतंकवाद के खिलाफ दृढ़ता से खड़े होना होगा। पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि पुनीत मित्तल, ऊषा गुप्ता, वाचस्पति मिश्रा, ने कहा कि आतंकवाद की इस बर्बरता के आगे हम सब एकजुट होकर खड़े हैं। ऐसे क्षणों में समाज का प्रत्येक वर्ग पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा होना चाहिए। हम सभी की प्रार्थनाएं और संवेदनाएं उनके साथ हैं। अंत मे कैंडल मार्च निकाला गया जिसमें लोग आतंकबाद मुर्दाबाद के पोस्टर लेकर चल रहे थे। इस मौके पर प्रेमकुमार गुप्ता, पप्पू चौहान, कैसी पाटकर, नैना साहनी, रंजना दुबे, सतीश सिंह सेंगर आदि मौजूद रहे।






