रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today । जालौन तहसील क्षेत्र के ग्राम खनुवा में बिजली की लो वोल्टेज की समस्या से ग्रामीण परेशान हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद विद्युत विभाग द्वारा समस्या का स्थायी समाधान नहीं कराया जा रहा है।
ग्रामीण बृजेश कुमार, रमेश, आदित्य आदि ने बताया कि कोच सब स्टेशन से जुड़े इस गांव को क्षेत्र का अंतिम गांव होने का खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। बिजली आपूर्ति की व्यवस्था दुरुस्त न होने से गर्मी के मौसम में उनकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं। ग्रामीणों के अनुसार, दिन के समय भी गांव में बिजली का वोल्टेज इतना कम रहता है कि पंखे, कूलर समेत अन्य घरेलू उपकरण ठीक से नहीं चल पाते। कम वोल्टेज के कारण विद्युत उपकरणों के खराब होने का खतरा भी बना रहता है। वहीं रात के समय किसी तरह का फाल्ट होने पर समस्या और गंभीर हो जाती है। घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रहने से ग्रामीणों को उमस और गर्मी के बीच परेशान होना पड़ता है। आरोप लगाया कि गांव में बिजली व्यवस्था को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों से कई बार शिकायत की जा चुकी है। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। कोंच सब स्टेशन से गांव काफी दूर होने और क्षेत्र का अंतिम गांव होने के कारण बिजली आपूर्ति पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। लो वोल्टेज के अलावा गांव में एक बिजली का खंभा टूट गया है। इसके चलते आधे गांव की बिजली व्यवस्था प्रभावित हो रही है। खंभा टूटने के बाद भी उसे बदलने या दुरुस्त करने की कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अधिकारियों से गांव की लो वोल्टेज की समस्या का स्थायी समाधान कराने, टूटे बिजली के खंभे को बदलवाने और बिजली आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त कराने की मांग की है।









