रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन नगर को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से ब्रिटिश काल में ही नगर में पांच गेटों का निर्माण कराया गया था। इनमें से एक को अवैध रूप से क्रय करने का आरोप नगर के कुछ लोगों ने लगाते हुए डीएम को शिकायती पत्र देकर लगाया है।
नगर के कुलदीप सिंह, राजेश, कपिल, राहुल, घनश्याम, मनोज सोनी, गणेशजी, अभिषेक कुशवाहा, अजीत सक्सेना, मनोज कुमार, छोटे सिंह आदि ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर बताया कि नगर में कई ऐतिहासिक महत्व की इमारतें मौजूद हैं जो नगर की ऐतिहासिक गरिमा की प्रतीक हैं। बताया कि ब्रिटिश काल में नगर को सुरक्षित रखने के लिए झंडा चौराहे के चारों ओर पांच फाटकों का निर्माण ब्रिटिश काल में कराया गया था। जिनमें से चार फाटक आज भी कायम हैं। एक फाटक जो भइया साहब मेड़े वाले का बोला जाता है, वह नष्ट हो चुका है। लोगो ने आरोप लगाया कि बंबई वाले मंदिर की ओर जाने वाली सड़क पर स्थित फाटक को बिना किसी लिखापढ़ी के एक व्यक्ति द्वारा क्रय कर लिया गया।

इसी फाटक में पश्चिमी दीवार पर हनुमानजी का पुराना मंदिर है, जिसमें हनुमानजी की प्रतिमा स्थापित है। यहां आस्थावान श्रृद्धालु दर्शन करने के लिए आते हैं और सुबह शाम पूजन व आरती में शामिल होते हैं। लेकिन फाटक पर स्वामित्व का दावा करने वाले व्यक्ति के वारिस मंदिर को ध्वस्त करने के लिए प्रयासरत हैं। इतना ही नहीं सत्तापक्ष का लाभ उठाकर व नगर पालिका परिषद के सहयोग से फाटक को जीर्ण शीर्ण बताकर व लोकहित का दिखावा कर नगर की इस ऐतिहासिक विरासत को हमेशा के लिए समाप्त कर देना चाहते है।

स्थानीय लोगों ने मांग करते हुए कहा कि उपरोक्त फाटक को कायम रखा जाए और हनुमान मंदिर को सुरक्षित रखकर इस ऐतिहासिक विरासत को बचाया। यदि मरम्मत की आवश्यकता हो तो उसे पूरा न तोड़कर उसकी मरम्मत करा दी जाए।







