आरोपी डैनी के खिलाफ मामला दर्ज, सीसीटीवी को किया कब्जे में
रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today। जालौन क्षेत्र में न्यामतपुर के गेस्ट हाउस में शादी का जश्न उस वक्त मातम में बदल गया जब बारात के स्वागत के दौरान रिश्तेदार द्वारा की गई हर्ष फायरिंग में चार लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार सिकरी रहमानपुर निवासी महेंद्र पाल सिंह चौहान की बेटी की शादी 17 मई को हो रही थी। बारात कानपुर देहात के राजपुर थाना क्षेत्र के इंद्रपुरा गांव से जयवीर सिंह के बेटे की आई थी। बताया जा रहा है कि रात करीब 12 बजे डीजे पर डांस चल रहा था उसी दौरान लग्न समारोह के बीच रिश्तेदार डैनी ने हर्ष फायरिंग कर दी। प्रत्यक्षदशिर्यों के मुताबिक, डैनी के पास दोनाली बंदूक थी फायरिंग के दौरान कारतूस फंस गया जब उसे निकालने की कोशिश की जा रही थी, तभी अचानक गोली चल गई। छरे उड़कर समारोह में मौजूद चार लोगों को जा लगे। घायलों में वीरन सिंह (50), रामशरण सिंह (55), सोनेलाल (60) और लखन सिंह (45) शामिल हैं। बताया जा रहा है कि तीन लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। घटना के बाद समारोह में अफरा-तफरी मच गई। सभी आपस में रिश्तेदार थे, इसलिए शुरुआत में किसी ने पुलिस को सूचना नहीं दी। लेकिन जब घायलों की हालत बिगड़ने लगी और स्थानीय डॉक्टरों ने इलाज से मनाकर दिया, तब पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे चौकी इंचार्ज शिवम सिंह और थाना प्रभारी राजीव वैस ने पुलिस बल के साथ पहुंचकर घायलों को अस्पताल भिजवाया। सिरसा कलार थाना प्रभारी राजीव वैस ने बताया कि राजेंद्र सिंह की तहरीर पर आरोपी डैनी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और विवाह स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है।





