रिपोर्ट मुकेश मिश्रा

Lucknow news today ।यूपी की राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज के सहायक पुलिस आयुक्त विकास कुमार पाण्डेय ने सोमवार को निगोहा में पैदल गश्त कर चाइनीज मांझे के खिलाफ सख्ती का संदेश दिया। इस दौरान थानाध्यक्ष अनुज तिवारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।पैदल गश्त के दौरान एसीपी ने क्षेत्रीय लोगों और दुकानदारों को स्पष्ट रूप से अवगत कराया कि चाइनीज मांझे का क्रय-विक्रय पूरी तरह प्रतिबंधित है। यदि किसी व्यक्ति के पास चाइनीज मांझा मिलता है या कोई इसे बेचते हुए पकड़ा जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस टीम ने निगोहां बाजार व आसपास की दुकानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। साथ ही राहगीरों और स्थानीय नागरिकों को चाइनीज मांझे से होने वाली गंभीर और जानलेवा दुर्घटनाओं के प्रति जागरूक किया। अधिकारियों ने बताया कि इस मांझे के कारण आए दिन गला कटने समेत कई खतरनाक हादसे सामने आ रहे हैं, जिससे आम लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है।पुलिस ने कहा कि दुर्घटनाओं की रोकथाम और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है, ताकि चाइनीज मांझे के अवैध उपयोग और बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे खुद चाइनीज मांझे का प्रयोग न करें और कहीं भी इसकी बिक्री हो तो उसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दें, जिससे समय रहते कार्रवाई की जा सके।





