जालौन क्षेत्र में दो महीने पहले हुई चोरी के मामले में खाली है पुलिस के हाथ,,,तलाश जारी

Jalaun news today । जालौन क्षेत्र में लगभग दो माह पूर्व सूने घर का ताला तोड़कर उसमें रखे करीब 35 लाख रुपये के जेवर चोरी होने के मामले में पुलिस अभी तक चोरों तक नहीं पहुंच पाई है। इससे पूर्व कीटनाशक विक्रेता के सूने घर में हुई चोरी का भी खुलासा नहीं हो सका है। वहीं, 29 जनवरी को उरई रोड स्थित सूने घर में हुई चोरी के मामले में भी पुलिस के हाथ खाली हैं। इसके अलावा नगर में बाइक चोर और बैटरी चोर भी सक्रिय हैं।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नया भवानीराम निवासी संजीव कुमार 11 दिसंबर को अपने साले के शादी समारोह में शामिल होने के लिए कोंच थाना क्षेत्र के ग्राम अंडा गए थे। घर पर लगभग 35 लाख रुपये के जेवर अलमारी में रखे थे। उसी रात चोरों ने सूने घर के सामने के मुख्य दरवाजे व अलमारी का ताला तोड़कर लगभग 246 ग्राम सोने के जेवर व दो किग्रा चांदी के जेवर समेत 40000 रुपये नकद चोरी कर लिए थे। चोरी से पूर्व चोरों ने घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की केबल व वाई फाई की वायर भी काट दी थी।
29 जनवरी को भवानीराम बंबा के पास निवासी मुस्तकीन अपने परिवार के साथ भांजे की शादी में शामिल होने के लिए गुरसरांय गए थे। रात में चोर छत से ऊपर पहंुच गए। चोरों ने कमरे और अलमारी का ताला तोड़कर एक लाख रुपये नकद, 200 ग्राम चांदी और दो अंगूठी चोरी कर ली थीं। चोरों ने उरई रोड स्थित घर की पहली मंजिल के तीन ताले और अलमारी का ताला तोड़ा था। सात दिसंबर को मोहल्ला जोशियाना में भागवत कथा सुनने गई सोमवती गुप्ता की लगभग तीन लाख रुपये कीमत की जंजीर अज्ञात चोरों ने उनके गले से चोरी कर ली थी।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मलकपुरा निवासी कीटनाशक विक्रेंता बृजनंदन पटेल उर्फ नीतू हाल निवासी मोहल्ला बालमभट्ट 11 नवंबर को परिवार के साथ अपने पैतृक गांव गए थे। 18 नवंबर को जब वह मकान पर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे और कमरे का ताला टूटा था। चोरों ने घर में रखे 30 हजार रुपये नकद और एक सोने की जंजीर व तीन अंगूठी चोरी कर ली थीं।
तीन नवंबर को चोरों ने कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नयाखंडेराव निवासी हर्षवर्धन गुप्ता के घर और दुकान को निशाना बनाकर 20 हजार रुपये नकद और सोने की दो अंगूठी, जंजीर, पेंडल, चांदी की पायल समेत 100 ग्राम चांदी चोरी कर ली थी। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई थी। जिसमें चोर का चेहरा भी दिख रहा था। यह घटना उस समय हुई जब दुकानदार हर्षवर्धन परिवार के साथ रात में क्षेत्र के गांव छिरिया सलेमपुर गए थे।
इसके अलावा नगर में बाइक चोर भी सक्रिय हैं। 12 नवंबर को रेंढ़र थाना क्षेत्र के ग्राम गोवर्धनपुरा निवासी इंद्रपाल की सीएचसी से बाइक चोरी हुई थी। औरेखी निवासी भारत सिंह की बाइक 13 नवंबर को सीएचसी से चोरी हुई थी। 22 नवंबर को जगतपुरा बुजुर्ग निवासी आशीष कुमार की गैरेज में खड़ी बाइक चोरी हुई है। 23 नवंबर को अलाईपुरा निवासी कृष्ण कुमार की उरई रेाड स्थित गेस्ट हाउस के बाहर से बाइक चोरी हो गई। 29 जनवरी को जैनेंद्र कुमार की चुंगी नंबर चार के पास स्थित दुकान से बाइक चोरी हुई थी। 30 जनवरी को खंडेराव निवासी राजाबाबू की बाइक सब्जी मंडी से चोरी हुई है। तीन फरवरी को सिरसा कलार थाना क्षेत्र के ग्राम तरसौल निवासी अनुरूद्ध कुमार की बाइक मेला ग्राउंड के बाहर से चोरी हुई थी। वहीं, 29 जनवरी की रात सहावनाका निवासी अंकित व मोहित के घर के बाहर खड़े ट्रैक्टरों की बैटरी चोरी हो चुकी हैं।